जनपद सम्भल के जुनावई थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद कोहराम मच गया। विवाहिता की मौत के बाद उसके ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों द्वारा सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके वाले मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे मायके वालो ने दहेज़ के लिए हत्या किये जाने का आरोप लगते हुए जमकर हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद बंदायू के गाँव अफजल बिधौति निवासी शोभरन सिंह ने 6 वर्ष पूर्व अपनी पुत्री चन्द्रकला आयु 24 वर्ष का विवाह नरेशपाल निवासी गाँव हकीमपुर, थाना क्षेत्र जुनावई के साथ किया था। शोभरन सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें बेटी के पड़ोसियों ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर देखा कि चन्द्रकला का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था और उसके ससुराल वाले मौके से फरार थे। पुलिस को बताया गया कि अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए चन्द्रकला के ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। संजीव के अनुसार चन्द्रकला 2 दिन पूर्व ही मायके से आयी थी। बताया गया कि चन्द्रकला के कोई बच्चा नहीं है। ससुराल वाले बच्चा न होने का ताना देते हुए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। मृतका के परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने व बच्चा न होने पर ससुराल पक्ष वालो ने ही चन्द्रकला की हत्या की है।
थानाध्यक्ष जुनावई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के गले पर फंदे के निशान थे और हाथों पर खरोंच भी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पाठक संख्या |