मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र मे पत्नी के साथ हुई कहासुनी के चलते एक युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर अपनी जान दे दी। युवक की मौत के बाद परिजनो मे कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस मामले की कोई तहरीर समाचार मिलने तक पुलिस को नही दी गयी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाँव किशनपुरा निवासी विनोद आयु 28 वर्ष पुत्र देव किशोर शराब पीने का आदि था। उसकी इसी आदत के चलते करीब डेढ़ वर्ष पूर्व परिजनो ने उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद विनोद टीपी नगर थाना क्षेत्र स्थित मंगल पांडे स्कूल के पास किराए के एक मकान मे अपनी पत्नी प्रियंका व पुत्र के साथ रह रहा था। विनोद मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन कर रहा था। बताया गया कि कल शुक्रवार की शाम विनोद ने कांवड़ लाने के लिए अपनी पत्नी प्रियंका से 5 हजार रूपये की मांग की थी। प्रियंका ने उसे पैसे देने से इंकार कर दिया था और इसी को लेकर दोनो के बीच कहासुनी हो गयी थी। इसी कहासुनी के चलते विनोद ने विषाक्त पदार्थ खा लिया और कमरे मे चला गया। देर रात 12 बजे तक भी विनोद के कमरे से बाहर न आने पर प्रियंका ने अंदर जाकर देखा वहाँ विनोद मृत अवस्था मे पड़ा हुआ था।
प्रियंका परिजनो की मदद से विनोद को लेकर बागपत रोड स्थित साईं नर्सिंग होम पहुँची जहाँ उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। थानाध्यक्ष टीपीनगर अरुण मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनो की ओर से अभी कोई तहरीर नही दी गयी है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |