![]() |
कार के बोनट पर मौजूद होमगार्ड व इनसेट मे आरोपी दक्ष श्रीवास्तव |
उत्तर प्रदेश के बरेली से कल शनिवार की रात चेकिंग कर रहे एक होमगार्ड को कार से कुचलने के प्रयास का मामला प्रकाश मे आया है। इस दौरान होमगार्ड जान बचाने के लिए कार के बोनट पर चढ़ गया और तेज रफ्तार मे कार दौड़ा दी। आरोपी लगभग 5 किलोमीटर के क्षेत्र मे कार को तेज रफ्तार मे दौड़ाता रहा। इस दौरान होमगार्ड मदद के लिए चिल्लाता रहा लेकिन आरोपी ने कार नही रोकी। आरोपी मिशन कम्पाउंड के पास होमगार्ड को कार के बोनट से गिराकर भाग गया। आज रविवार की सुबह पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्राधिकारी प्रथम ने बताया कि कल शनिवार की देर रात यातायात पुलिस नया पुल ढलान पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। यहाँ पहुंची एक सफेद रंग की कार अचानक ही कांवड़ियो के लिए आरक्षित लेन मे घुस आयी। मौके पर मौजूद यातायात उप निरीक्षक गजेंद्र सींग ने इस कार को रोकने हेतु इशारा किया मगर आरोपी ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और होमगार्ड अजीत कुमार सिंह आयु 35 वर्ष की ओर दौड़ा दी। तेज रफ्तार कार को अपनी ओर आता देख होमगार्ड अजीत सिंह उसके बोनट पर चढ़ गए। इसके बाद भी आरोपी चालक ने कार नहीं रोकी और चौपुला पुल से बदायूँ रोड की ओर दौड़ा दी।
यातायात पुलिस ने इस कार का पीछा करना शुरू किया और थाना सुभाषनगर व कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मिशन कम्पाउंड के पास कार को घेर लिया। इस दौरान आरोपी ने कार की रफ्तार कम की और बोनट पर मौजूद होमगार्ड को गिराकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आज रविवार की सुबह आरोपी दक्ष श्रीवास्तव, निवासी करगैना, थाना क्षेत्र सुभाषनगर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गए आरोपी ने बताया कि वह मृतक आश्रित कोटे मे रामपुर कोषागार मे ग्रुप डी का कर्मचारी है। उसके परिवार मे माँ व छोटी बहन है। दक्ष ने कहा कि कल शनिवार की रात वह चौपुला पुल से आ रहा था। पुलिस ने वहाँ बैरियर लगाया हुआ था और पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। दक्ष का कहना है कि वह नहीं रूका और कार को दौड़ा दिया। इस दौरान एक होमगार्ड भी उसके कार के बोनट पर था मगर उसने कार नही रोकी। दक्ष ने कहा कि वह अपनी गलती के लिए हाथ जोड़कर माफ़ी मांगता है तथा भविष्य मे कभी ऐसा नही करेगा।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही कार को भी कब्जे मे ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली मे हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला और सरकारी कार्य मे बाधा डालने के आरोप मे मुकदमा दर्ज किया गया है।