बुर्का पहनकर हरिद्वार से 184 किलोमीटर पैदल चलकर सम्भल कांवड़ लाने वाली तमन्ना मलिक 'तुलसी' अब कट्टरपंथियों के निशाने पर हैं। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें और उनके पति अमन त्यागी को जान से मारने और जिंदा जला देने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित दंपति ने थाना असमोली पहुँचकर पुलिस को तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पाठको को बताना उचित होगा कि थाना क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी अमन त्यागी और तमन्ना मलिक ने लगभग साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। तमन्ना ने बताया कि उन्होंने अमन से शादी की मन्नत मांगी थी, जिसके पूरा होने पर वह इस वर्ष महाशिवरात्रि पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आईं और संभल के प्राचीन नैमिषारण्य तीर्थ क्षेमनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके बुर्के में कांवड़ लाने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी।
पीड़ित दंपति का आरोप है कि जब से उनकी कांवड़ यात्रा के वीडियो वायरल हुए हैं, कुछ कट्टरपंथी तत्व उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं। अमन त्यागी ने पुलिस को बताया कि हमने अपनी मर्जी से शादी की है और हम खुशी-खुशी रह रहे हैं। मेरी पत्नी ने अपनी आस्था के चलते कांवड़ उठाई, तो दूसरों को इससे क्या आपत्ति है? अब हमें जिंदा जलाने जैसी धमकियां दी जा रही हैं, जिससे हमारा पूरा परिवार डरा हुआ है। तमन्ना ने बताया कि कुछ लोगों ने धमकी भरे वीडियो पोस्ट करने के बाद उन्हें हटा लिया है, लेकिन उनके पास कई धमकियों के स्क्रीनशॉट और सबूत मौजूद हैं। उन्होंने पुलिस को सौंपी तहरीर में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बताया कि दंपति की तहरीर प्राप्त हो गई है। सोशल मीडिया हैंडल्स की जांच की जा रही है और साइबर सेल की मदद से धमकी देने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
ज्ञात हो कि तमन्ना की इस यात्रा के दौरान उन्हें हिंदूवादी संगठनों का भरपूर समर्थन मिला था और सुरक्षा कारणों से बिजनौर से लेकर संभल तक पुलिस बल उनके साथ तैनात रहा था।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
