मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - गैर महिला से बात करते पकड़े जाने पर आक्रोशित पति ने दिया 'तीन तलाक' घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, फ़रवरी 19, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - गैर महिला से बात करते पकड़े जाने पर आक्रोशित पति ने दिया 'तीन तलाक' घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

www.newsindia17.com
एआई जनरेटेड सांकेतिक इमेज 

निकाह के सात साल बाद एक महिला की गृहस्थी उस समय बिखर गई जब उसने अपने पति को दूसरी महिला से बात करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोप है कि विरोध करने पर पति ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर सरेआम 'तीन तलाक' दे दिया। पीड़िता ने अपने देवरों पर छेड़छाड़ और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का भी गंभीर आरोप लगाया है। मझोला पुलिस ने पति और सास समेत सात ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जयंतीपुर चौकी क्षेत्र निवासी पीड़िता का निकाह 29 अप्रैल 2018 को रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। इस दौरान उसके दो देवरों ने उस पर बुरी नजर रखनी शुरू कर दी और अश्लील हरकतें करने लगे। पति के काम पर चले जाने के बाद सास और देवर मिलकर उसे पीटते और ताने देते थे।


पीड़िता के अनुसार ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आकर वह 2 वर्ष पूर्व अपने पति के साथ मझोला क्षेत्र मे रहने आ गयी थी। उसे उम्मीद थी कि अलग रहने से हालात सुधर जाएंगे, लेकिन यहाँ भी विवाद खत्म नहीं हुआ। गत 15 फरवरी को पीड़िता ने अपने पति को किसी दूसरी महिला से फोन पर बात करते हुए पकड़ लिया और विरोध किया। पति को समझाने की कोशिश की जिस पर वह आग बबूला हो गया। आरोप है कि पति ने कई लोगों के सामने पत्नी पर अश्लील टिप्पणियां कीं और उसे 'तीन तलाक' देकर रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर दिया।


पीड़िता की तहरीर पर मझोला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पति, दोनों देवर, सास और अन्य परिजनों समेत कुल सात लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, दहेज उत्पीड़न और मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम (तीन तलाक) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

counter
अभी तक पाठक संख्या