आज शुक्रवार को जिलाधिकारी बिजनौर जसजीत कौर द्वारा विकास खंड कार्यालय परिसर नहटौर का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ब्लॉक परिसर मे नवनिर्मित विदुर प्रेरणा दीदी कैंटीन, चौधरी चरण सिंह पार्क द्वार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल का लोकार्पण भी किया।
विदुर प्रेरणा दीदी कैंटीन’ का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कैंटीन आगंतुकों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि ये कैंटीन स्थानीय महिलाओ के लिए आय का एक सशक्त माध्यम साबित होगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मे महिलाओ की भागीदारी सुनिश्चित होगी।जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर बने पार्क द्वार का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर के सौंदर्यीकरण की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल को देश की आजादी में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों की पावन स्मृति को समर्पित किया गया।
लोकार्पण कार्यक्रमों के पश्चात जिलाधिकारी ने ब्लॉक कार्यालय के अभिलेखों, उपस्थिति पंजिका तथा विभिन्न पटलों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का समाधान तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए तथा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए ताकि आमजन को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता हमारी प्राथमिकता है। ब्लॉक परिसर में हुए ये नए निर्माण न केवल सुविधाओं में वृद्धि करेंगे, बल्कि हमारे गौरवशाली इतिहास और महिला सशक्तिकरण के प्रतीक भी बनेंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी प्रताप सिंह, शोभित त्यागी, मनोज कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अंत में विकास कार्यों को और अधिक गति देने पर विशेष जोर दिया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
%20(1).jpg)
