जिला बरेली में मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान के तहत भमोरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को आज शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने बरेली-बदायूं रोड पर घेराबंदी कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गए तस्करो मे एक महिला व एक पुरुष है। ये अभियुक्त रिश्ते में सास-दामाद हैं। इनके पास से 10 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गयी है। इस अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 20 फरवरी को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम को सूचना मिली कि झारखंड से अफीम की एक बड़ी खेप बरेली लाई गई है। तस्कर प्रेम गिरी अपनी सास धर्मी देवी के साथ जम्मू तवी एक्सप्रेस से बरेली पहुँचा है और यहाँ से बदायूं की ओर निकलने की फिराक मे है।
सूचना मिलते ही थाना भमोरा पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बरेली-बदायूं रोड पर स्थित ग्राम सिरोई के पास शिव ब्रिकफील्ड के पास घेराबंदी कर दोनों तस्करो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे तस्करो ने अपने नाम धर्मी देवी, निवासी गाँव चतरा, झारखंड व प्रेम गिरी, निवासी गाँव सिरसवा, जिला बदायूँ बताये। बताया गया कि गिरफ्तार किये गए दोनो अभियुक्त रिश्ते में सास -दामाद है। धर्मी देवी ने बताया कि वे झारखंड के पहाड़ी क्षेत्रो मे अफीम की खेती करते है। धर्मी देवी का दामाद प्रेम गिरी इस अफीम को उत्तर प्रदेश के कई जिलो में ऊँचे दाम पर सप्लाई करता था।
इस सफल ऑपरेशन को थानाध्यक्ष सनी चौधरी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने अंजाम दिया। भमोरा पुलिस ने गिरफ्तार किये गए अभियुक्तों के खिलाफ धारा 8/18/29 NDPS ACT के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने अफीम के अलावा इनके पास से एक स्मार्टफोन और 1190 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

