असमोली/जिला सम्भल - हिन्दू युवक के साथ चल रहे प्रेम प्रसंग पर आक्रोशित भाई ने ली बहन की जान, पुलिस को फोन कर कबूला अपना जुर्म - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, फ़रवरी 20, 2026

असमोली/जिला सम्भल - हिन्दू युवक के साथ चल रहे प्रेम प्रसंग पर आक्रोशित भाई ने ली बहन की जान, पुलिस को फोन कर कबूला अपना जुर्म

www.newsindia17.com
चारपाई पर पड़ा रूपजहां का शव व आरोपी भाई जाने आलम 

जिला सम्भल के असमोली थाना क्षेत्र से ओनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक भाई ने दूसरे समुदाय के युवक के साथ चल रहे प्रेम प्रसंग पर आक्रोशित हो अपनी 19 वर्षीय सगी बहन की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने भागने के बजाय खुद पुलिस को फोन कर अपने जुर्म का इकबाल किया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव निवासी नोशे खां की पुत्री रूपजहां आयु 19 वर्ष का गाँव निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रूपजहां उस युवक के साथ निकाह करने की जिद पर अड़ी थी, जबकि उसका परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। यह विवाद कुछ समय पूर्व थाने भी पहुँचा था, जहाँ पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर युवती को परिजनों के साथ घर भेज दिया था। घर लौटने के बाद भी रूपजहां अपने फैसले पर अडिग रही, जिससे परिवार में भारी तनाव बना हुआ था। कल गुरुवार की रात परिवार के अधिकांश सदस्य गाँव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर केवल रूपजहां और उसका भाई जाने आलम मौजूद थे। रात करीब 10:30 बजे, जब रूपजहां सो रही थी, तभी जाने आलम ने मफलर से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया।


इस हत्याकांड ने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया। आमतौर पर जघन्य अपराध के बाद अपराधी फरार हो जाते हैं, लेकिन जाने आलम ने बिना किसी पछतावे के खुद डायल 112 पर कॉल किया। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को दो टूक शब्दों में कहा कि मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है और मैं घर पर ही हूँ, आकर मुझे पकड़ लो।


सूचना मिलते ही सीओ कुलदीप कुमार और थाना प्रभारी असमोली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। घर के भीतर का मंजर देख पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए। पुलिस ने मौके से ही आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया।


सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से 'ऑनर किलिंग' का मामला है। जिस बेखौफ अंदाज में आरोपी ने जुर्म कबूला, उससे स्पष्ट है कि वह इस हत्याकांड के लिए मानसिक रूप से पहले से तैयार था। मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण गाँव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या