रिपोर्ट - अमरोहा/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी घनश्याम शर्मा।
बिजली के तारों में स्पार्किंग से निकली चिगारी ने अमरोहा के तिगरिया नादिर शाह गांव के आधा दर्जन छप्पर के घरों को जलाकर राख में तब्दील कर दिया। आग की चपेट में आकर आधा दर्जन पशु भी झुलस गए। इनमें दो पशुओं की मौत हो गई। विधायक ने दस हजार की नकद मदद देकर शासन से राहत राशि दिलाने का आश्वासन दिया।
दोपहर गांव निवासी आंगनबाड़ी कार्यकत्री राजबाला के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घर को राख होता देख राजबाला बेहोश होकर गिर गई। वहीं बेकाबू आग ने पड़ोस के पूरन सिंह, भूपनिया, विनोद कुमार, सुबोध कुमार, पुखराज के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण आग बुझाने को बर्तनों में पानी लेकर दौड़ पडे़।
ग्रामीणों की घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू हो पाया। उधर सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी गांव पहुंच गई। हालांकि तब तक आग अपना काम कर चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया राजबाला के घर में करीब एक लाख की नकदी समेत कपडे़, बर्तन व अनाज जल गया। पूरन सिंह के चार पशु झुलस गए। जिनमें एक गाय व बछडे़ की मौत हो गई। भूपनिया की एक भैंस व लवारा झुलस गया। कपडे़ व अन्य सामान भी जलकर राख हो गया। विनोद कुमार के घर का तीन लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया। सुबोध कुमार व पुखराज का भी काफी नुकसान हुआ है।
सूचना पर विधायक महेंद्र सिंह ने गांव पहुंचकर जानकारी ली। लोगों ने बताया कि राजबाला का सब कुछ सामान आग में स्वाहा हो गया है। विधायक महेंद्र सिंह खडगवंशी ने अग्नि पीड़िता को दस हजार की आर्थिक सहायता निजी कोष से प्रदान की। झुलसे पशुओं को बेहतर उपचार देने के निर्देश पशु चिकित्सक को दिए। वहीं अग्नि पीड़ितों को तहसील प्रशासन से मदद कराने का भी आश्वासन दिया है।