रिपोर्ट - मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी सत्यवीर यादव।
तीन तलाक को लेकर मंगलवार दोपहर जिला अस्पताल के सामने भरे बाजार जमकर मारपीट हुई। महिला के अनुसार राह चलते पति ने उसे कई बार तलाक, तलाक बोल दिया। साथ चल रहे उसके भाई ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट करने लगा। साले और बहनोई में जमकर लाठी- डंडे चले। यहां अफरा-तफरी मच गई। ठेलों और स्टालों पर रखे खाने- पीने के सामान तक सड़क पर बिखर गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को थाने ले आई। महिला की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने एनसीआर में मामला दर्ज किया है।
कटघर थाना क्षेत्र के करूला निवासी मेहरूनिशा का निकाह तीन साल पहले सहारनपुर के चांद के साथ हुआ था। दोनों के एक बेटी भी है। दोनों के बीच बीते करीब एक साल से विवाद चल रहा है। महरूनिशा ने बताया कि शिकायत करने के बाद पुलिस लाइन स्थित नारी उत्थान केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसिलिंग चल रही है। मंगलवार को महरूनिशा मां नसीम बानो और भाई नाजिम हुसैन के साथ आई थी। वहां दोनों में बात नहीं बनी तो 11 अगस्त की अगली तारीख दे दी गई। जिसके बाद सभी लौट रहे थे। महरूनिशा का आरोप है कि राह चलते हुए जिला अस्पताल के पास पति चांद ने उसे पांच-सात बार तलाक कह दिया। विरोध करने पर उसने मारपीट कर दी। इसके बाद महरूनिशा का भाई नाजिम चांद से भिड़ गया। दोनों के बीच सरे बाजार जमकर मारपीट हुई। वहां खड़े एक व्यक्ति का डंडा छीनकर दोनों ने एक दूसरे पर वार किया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को पकड़ कर थाने पर ले आई है। सीओ सिविल लाइंस राजेश कुमार ने जिला अस्पताल के सामने दो युवकों में मारपीट हुई है। महिला की तहरीर पर एनसीआर दर्ज की गई। मारपीट का कारण तलाक कहना बताया जा रहा है। इसकी पुलिस जांच कर रही है।
निशा महरूनिशा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि नारी उत्थान केंद्र से मां व भाई के साथ लौट रही थी। जिला अस्पताल गेट के पास पहुंची तो पति चांद ने उसे पांच-सात बार तलाक कहा। उसने मारपीट भी कर दी। बाद में भाई से भिड़ गया।
पति चांद ने कहा कि वो सास व साले से पत्नी को साथ भेजने के लिए कह रहा था। लेकिन दोनों विरोध कर रहे थे। इसी को लेकर महरूनिशा के भाई ने मारपीट कर दी। चांद के कहा कि वह तलाक नहीं बोला है। महरूनिशा उसकी घरवाली है और रहेगी।