रिपोर्ट - सम्भल/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार।
नखासा थाना इलाके में गुरुवार की रात को अज्ञात महिला को बच्चा चोर समझकर उसके साथ मारपीट करने व पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सोशल मीडिया पर झूठी सूचना वायरल करने के मामले में बारह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं हयातनगर पुलिस ने भी बच्चा चोरी की झूठी सूचना देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
नखासा थाना इलाके के गांव सलारपुर में गुरुवार की रात को गांव में एएक बाहरी महिला टहलती दिखी तो गांव के लोग लामबंद हो गये और उसे बच्चा चोर बताते हुए हल्ला मचा दिया। इसके बाद गांव के लोगों की भीड़ ने महिला को बुरी तरह मारा पीटा था। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की की थी। पुलिस किसी तरह महिला को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले आई थी। जहां पूछताछ में महिला कुछ भी बता नहीं पा रही थी। देर रात पुलिस ने ग्रामीणों की पिटाई से घायल हुई महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया था। महिला की पिटाई की शुक्रवार की सुबह को वीडियो भी वायरल हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो से पहचान करने के बाद नौ लोगों को नामजद करने के साथ ही कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह धामा ने बताया कि सिपाही रविंद्र की तहरीर पर मुस्तकीम, मुस्तफा, इसरार, नईम, इकरार, असलम, नासिर, फरमान, आसिम को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। थाना प्रभारी ने कहा कि महिला को पीटने व पुलिस से अभद्रता करने वालों की धरपकड़ के लिए प्रयास किये जा रहे हैं। तमाम लोग गांव से फरार हो गये हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जायेगी।