Random Posts

test

संभल - दुष्कर्म के बाद पीड़िता को जलाया, आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा

hit counter
संभल के सिरसी कस्बे में गुरुवार रात दुष्कर्म के बाद घर में घुसकर एक युवक ने किशोरी पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर हालत में किशोरी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने देर रात पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश मिलने के बाद शुक्रवार को आईजी रमित शर्मा और एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नखासा थाना इलाके के सिरसी कस्बे में घर में अकेली मौजूद किशोरी के साथ गुरुवार रात लगभग आठ बजे पड़ोस में रहने वाले युवक ने जबरन घर से खींचकर दुष्कर्म किया था। घटना के समय किशोरी की मां दवा लेने गई थी। वापस आने पर किशोरी ने मां को शर्मनाक वारदात के बारे में जानकारी दी।

पुलिस कार्रवाई करने की जानकारी होने पर युवक फिर किशोरी के घर पहुंचा और मां-बेटी को धमकाया। इसके बाद उसने किशोरी पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर हालत में किशोरी को देर रात संभल जिला अस्पताल लाया गया था जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। बेहतर इलाज और सुरक्षा के लिए पुलिस की एक टीम भी उसके साथ भेजी गई है। किशोरी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपी जीशान निवासी सिरसी को देर रात बिलारी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह और पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि आरोपी के खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई भी होगी। पीड़िता को शीघ्र इंसाफ दिलाने के लिए इस मुकदमे का ट्रायल फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराया जाएगा।


संभल/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार। 

Blogger द्वारा संचालित.