असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने परिवारिक विवाद के चलते फांसी के फंदे से लटक कर जान दी है। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में महिला का शव दफ़न कर दिया गया है। पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी गई।
रविवार की सुबह पांच बजे लगभग असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक महिला का शनिवार की रात को पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। महिला कमरे में बच्चों के साथ सो रही थी जबकि उसका पति बाहर आंगन में सो रहा था। रविवार की सुबह लगभग पांच बजे पति की आंख खुली तो वह कमरे में गया। पत्नी का शव फंदे से लटका देखा तो चीख निकल गई। चीखपुकार सुन मौके पर परिजन व ग्रामीण आ गए। आनन-फानन में शव को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही रविवार शाम को शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया है।
वहीं मौके पर पहुँचे महिला के मायके वालों से गांव के जिम्मेदार लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया है। असमोली थानाध्यक्ष रणवीर सिंह ने बताया कि महिला की मौत के मामले में कोई जानकारी नहीं है। कोई तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
असमोली/जिला संभल से जिला प्रभारी देवेंद्र कुमार।