अमरोहा - लॉकडाउन के पांचवें दिन अव्यवस्थाएं हुई हावी, दूसरे प्रांतो से लौटने वालो को लेकर बना आपाधापी का माहौल
इटली और अमेरिका के बाद भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। गैर प्रांतों से लोग वापस अपने घर लौट रहे हैं। दिल्ली एनसीआर में लॉकडाउन धड़ाम हो गया है। अमरोहा में भी आपाधापी की स्थिति दिखाई दी। पुलिस ने जबरन बसों को रोककर लोगों को बैठाया। जिसके चलते पुलिस और रोडवेज चालकों के बीच नोकझोंक हुई। ऐसे में कौन कोरोना वायरस से ग्रस्त है कुछ कहा नहीं जा सकता। इसके लिए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गैर प्रांतों से आने वाले लोगों को पुलिस और प्रशासन ने नजरबंद कर लिया है। शहर में घुुसने से पहले सभी की स्क्रीनिंग कराई जा रही है। वहीं पुलिस ने सख्ती दिखाई और शहर में लॉकडाउन तोड़ने वालों को डांट फटकार कर खदेड़ दिया।
21 दिवसीय लॉकडाउन के पांचवें दिन अव्यवस्थाएं हावी दिखाई दी हैं। गैर प्रांतों से गरीज-मजदूर लोगों का लौटने का सिलसिला जारी है। दिल्ली एनसीआर में लॉकडाउन धड़ाम हो गया है। लोग भूखे-प्यासे अपने घर पहुंचने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। यूपी हरियाणा सरकार ने लोगों को उनके घर छोड़ने के लिए बस का संचालन शुरू कर दिया है ऐसे में लोग दूध के टैंकर, रिक्शा, ठेले से बैठ गंतव्य को निकल पड़े हैं। रविवार को नेशनल हाईवे पर जोया में आपाधापी की स्थिति दिखाई दी। सैकड़ों की तादात में लोग जोया पहुंच गए। उन्हें मुरादाबाद, बरेली, बदायूं समेत अन्य जिलों में पहुंचना था। डिडौली इंस्पेक्टर और जोया चौकी इंचार्ज शेर सिंह थापा फोर्स के साथ हाईवे पर उतरे। यहां उन्होंने रोडवेज बसों को रोककर पांच से छह सवारियों को बैठाया। इसके बाद वह गंतव्य को रवाना हुए। जोया चौराहे पर काफी देर तक आपाधापी की स्थिति रही। चालक बस रोकने को तैयार नहीं थे। जिसके लेकर पुलिस और चालक परिचालक के बीच जमकर नोकझोंक हुई। हालांकि पुलिस की सूझबूझ के चलते लोग अपनी मंजिल की ओर जा सके। वहीं, गैर प्रांतों से अमरोहा पहुंचने वालों को प्रशासन ने नजरबंद कर लिया है। शहर में घुसने से पहले उनकी स्क्रीनिंग कराई जा रही है। इस दौरान शहर कस्बों में लॉकडाउन तोड़ने वालों को खदेड़ कर भगा दिया।
समाचार श्रोत - अमरोहा/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी घनश्याम शर्मा।