मुरादाबाद जिले के थाना क्षेत्र सिविल लाइन के अगवानपुर बाईपास पर गुरुवार रात एक दूधिए से मारपीट व लूटपाट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस इस घटना को पारिवारिक विवाद बता रही है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के थाना क्षेत्र छजलैट के सलावा गांव का निवासी जमशेद पेशे से दूधिया है। जमशेद प्रतिदिन मुरादाबाद आकर दूध बेचता है। प्रतिदिन की भांति कल गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक पर सवार होकर वह गांव लौट रहा था। जब बाइक सवार जमशेद अगवानपुर बाईपास रोड पर सरायखजुर के समीप कर्बला के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उस पर हमला बोल दिया। अचानक डंडे के प्रहार से बाइक सवार दूधिया बाइक समेत गिर गया। आरोप है कि कुल चार बदमाशों ने दूधिया से 35 हजार रुपये लूट लिये। विरोध पर बदमाशों ने दूधिया की पिटाई भी की। बाइक सवार राहगीरों को आता देख बदमाश भाग खड़े हुए। जमशेद के साथ हुई मारपीट व लूट की सूचना पुलिस को दी गई। सरेराह लूट की सूचना से खलबली मच गई।
सूचना पर घटना स्थल पहुंच कर पुलिस ने जमशेद से पूछताछ की। जमशेद ने बताया कि वह दूध के रुपये लेकर घर लौट रहा था। अज्ञात बदमाशों ने हमला कर उसकी रकम लूट ली। पैसे के अलावा बदमाश दूधिया के दो मोबाइल फोन भी लूट ले गए।
घटना के बावत अगवानपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि किन्ही कारणों से जमशेद का ससुरालियों से विवाद चल रहा है। साले नदीम के साथ अन्य लोगों ने जमशेद से मारपीट की है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।