मुरादाबाद जिले के नया मुरादाबाद स्थित एक निजी हॉस्पिटल में ऑक्सीजन खत्म होने से कई मरीजों की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। हालात की गंभीरता को देख कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मौके पर अफरातफरी का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में ऑक्सीजन ख़त्म होने के कारण मरीजों की मौते हुई है। दूसरी ओर इस बारे में एसडीएम सदर प्रशांत तिवारी ने बताया कि ब्राइट स्टार हॉस्पिटल में मौतें हुईं हैं लेकिन किन वजहों से हुई हैं इसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। नया मुरादाबाद स्थित ब्राइट स्टार हॉस्पिटल में कई मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा था। इस दौरान ऑक्सीजन खत्म होने से कई मरीजों की जान चली गई। इसकी खबर परिजनों को पहुँची तो उन्होंने आक्रोशित हो अस्पताल परिसर में ही हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बड़ी घटना की खबर जिले के आला अधिकारियों तक पहुंची तो खलबली मच गई। स्वास्थ्य विभाग से लेकर प्रशासन के अधिकारी तत्काल हरकत में आ गए। मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को समझाकर शांत करा दिया है। वहींं दूसरी ओर इतनी संख्या में मौत की घटना ने शहर के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है। हर कोई घटना के बारे में जानने के लिए बेताब रहा।
जिले के सरकारी अस्पतालोें में जैसे-तैसे कम ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति हो पा रही है। वहीं निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन का संकट बरकरार है। रिजर्व में ऑक्सीजन सिलेंडर न होने से लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे की ओर से लगातार हालात पर नियंत्रण होने का दावा किया जा रहा है। लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मरीजों की मौत से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।