तीर्थनगरी बृजघाट में हर्षोल्लास व आस्था के साथ मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व, जयकारो से गुँजायमान रहे मंदिर व गंगा घाट
बृजघाट पश्चिमी तट तीर्थ नगरी मे सोमवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं मे काफी उत्साह देखने को मिला। गंगा घाटों पर स्नान को आये क्षेत्रीय निवासियों एवं दूर-दराज से आए पर्यटको की भीड़ अलग नजर आयी।भक्तो ने गंगा में स्नान कर नगर में सजाये गए सभी मंदिरों में दर्शन किये।
कल श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर सांय काल से ही भजन कीर्तन और झांकियों का आनंद लेने के लिए क्षेत्रीय एवं बाहर से आए दर्शनार्थी नगर में स्थित मंदिरों में भ्रमण करते हुए दिखाई दिए। इस अवसर पर बृजघाट स्थित वेदांत मंदिर को भी भव्य रूप से सजाया गया। राधा कृष्ण की झांकी, भगवान कृष्ण के विराट रूप एवं सुरसा के मुंह से गुजरते बच्चों वाली झांकी ने सभी क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया। रात्रि 11:45 बजे चन्द्रोदय दर्शन होने पर श्रद्धालुओं के मन में उत्साह भर गया। इसी की साथ श्री कृष्ण के जयकारों के साथ तीर्थ नगरी गुंजायमान हो गयी।जगह जगह पर हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के जय कारों की ध्वनि एवं कर ताल ऐसे प्रतीत हो रहे थे मानो लोगों के मन में भगवान के जन्म के प्रति श्रद्धा कूट-कूट कर भरी हो।
अर्धरात्रि में भगवान के जन्म लेने के साथ ही सभी मंदिरों में आरती कुंज बिहारी एवं ओम जय जगदीश हरे के शब्द नाद तीर्थ नगरी में गूंजने लगे। पूजा अर्चना के उपरांत सभी कृष्ण भक्तों ने प्रसाद का ग्रहण किया। इस अवसर पर वेदांत मंदिर के महंत स्वामी प्रवीण आनंद महाराज जी ने क्षेत्रवासियों को भगवान के भोग का प्रसाद वितरण किया। इस पावन बेला पर समस्त क्षेत्रवासियों सहित सम्मानित मास्टर उदयवीर सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।