नहटौर - दीपावली मेले के दूसरे दिन क्षेत्रीय विधायक ओमकुमार ने किया उद्घाटन, छात्रों ने पेश किये सांस्कृतिक कार्यक्रम
नगर के जेवीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में चल रहे 7 दिवसीय भव्य दीपावली मेले का आज दूसरे दिन क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओमकुमार ने फीता काटकर उदघाटन किया। उदघाटन के उपरांत मंच पर नगर के त्यागी इंटर कॉलेज व राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के छात्रों व छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गए। इस दौरान चेयरपर्सन पुत्र राजा अंसारी सहित विभिन्न भाजपा पदाधिकारी व नगर के गणमान्य उपस्थित रहे।
आज शुक्रवार को नगर के जेवीएम इंटर कॉलेज के प्रांगण में चल रहे 7 दिवसीय दीपावली मेले का क्षेत्रीय भाजपा विधायक ओमकुमार द्वारा फीता काटकर व माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घघाटन किया गया। चेयरपर्सन पुत्र राजा अंसारी ने भाजपा विधायक ओम कुमार, भाजपा ब्लॉक प्रमुख राजेश चौधरी उपजिलाधिकारी विजय तोमर व प्रभारी निरीक्षक नहटौर सत्येंद्र सिंह का शाल ओढाकर, बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मेला परिसर में लगाई गई एलसीडी के माध्यम से लगातार केंद्र व प्रदेश सरकार की गत वर्षो की उपलब्धियाँ व विभिन्न जनउपयोगी योजनाओ की जानकारी भी प्रसारित की जाती रही। इस अवसर पर विधायक ओमकुमार ने कहा कि मेले भारतीय परम्परा का महत्वपूर्ण भाग रहे है परंतु समय के साथ साथ ये परम्परा कमजोर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस भारतीय परंपरा को जीवित रखने हेतु सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दीपावली मेलो का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन मेलो के मंचो पर आयोजित किये जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमो को केवल मनोरंजन मात्र की दृष्टि से न देखे बल्कि इन कार्यक्रमो की भावनाओं को समझने का प्रयास करे। संबोधन के अंत में उन्होंने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार की जनहित में जारी विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर उपस्थित रहे उपजिलाधिकारी धामपुर विजय तोमर ने अपने संबोधन में मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हरियाली के महत्व, प्रदूषण की समस्या पर प्रकाश डालते स्टालो की प्रशंसा की। उन्होंने कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपादन हेतु नगर पालिका नहटौर की भी प्रशंसा की। संबोधन के अंत में उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के दौरान त्यागी कॉलेज के छात्रों व छात्राओं ने मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शको का मन मोह लिया। इस दौरान मंच से छात्रों द्वारा दी जा रही प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं में मुख्य रूप से तानिया, उजाला, रीता, सोनी, निकिता, खुशबू, सानिया, साधना, पूजा, स्वीटी आदि शामिल रही। कार्यक्रम समाप्ति पर विधायक ओमकुमार व चेयरपर्सन पुत्र राजा अंसारी ने सभी छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मान्नित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा मंडलाध्यक्ष सिद्धान्त जैन, भाजपा किसान मोर्चा से शोभित त्यागी, अंकुश अग्रवाल, नामित सभासद वैभव गोयल, शरद जैन, प्रशांत वर्मा, मनोज हिटलर आदि सहित गुलफाम कश्मीरी, चंदन, मल्लन, जीशान अंसारी, नदीम आदि मौजूद रहे।
अभी तक पाठक संख्या |