कल सोमवार की देर शाम संभल जिले के बहजोई थानाक्षेत्र में भाजपा नेता की स्कार्पियो कार नीलगाय से टकराकर खंदक में जाकर पलट गई। बहजोई - संभल मार्ग पर हुए इस हादसे में भाजपा नेता कपिल सिंघल और स्कार्पियो चालक मामूली रूप से चोटिल हो गए। दोनों का निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सोमवार को संभल के मौहल्ला कोट पूर्वी, रामलीला मैदान निवासी भाजपा नेता कपिल सिंघल बहजोई में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की ट्रैक्टर रैली में शामिल होने गये थे। कपिल सिंघल देर शाम स्कार्पियो से वापस संभल लौट रहे थे। जब वे बहजोई थानाक्षेत्र में संभल बहजोई मार्ग पर गांव भवन और किसौली के बीच पहुँचे तब ही उनकी कार अचानक सड़क आई नीलगाय से जा टकराई। नीलगाय से टकराने पर अनियंत्रित हुई स्कार्पियो खंदक में जाकर पलट गई।
इस हादसे में भाजपा नेता और स्कार्पियो चालक सुरेंद्र को मामूली चोटे आयी। भाजपा नेता के साथ हुए हादसे की जानकारी परिजनों और अन्य नेताओं को दी गयी। दुर्घटना में चोटिल हुए भाजपा नेता एवं स्कार्पियो चालक का निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता का हाल जानने के लिए उनके आवास पर समर्थकों का तांता लगा रहा।