चंदौसी - सार्वजनिक शौचालय की माँग को लेकर लामबंद हुई महिलाओ ने धरनास्थल पर ही मनाई हरियाली तीज, माँग पूरी न होने पर दी भूख हड़ताल की चेतावनी
चन्दौसी नगर पालिका पिछले कुछ समय से लगातार विवादों के घेरे में है। सड़को की मरम्मत न होने, जल निकासी आदि की समस्याओं को लेकर विभिन्न संगठन नगरपालिका के खिलाफ लम्बे समय से शिकायते कर रहे है। इन्ही सब कारणों के चलते नगरपालिका चन्दौसी हमेशा ही मीडिया माध्यमो की सुर्खियों में छाई रहती है।
इसी क्रम में अब चन्दौसी के वार्ड संख्या 9 की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर महिलाएं पिछले 4 दिनों से नगर पालिका के कम्पनी बाग़ स्थित अस्थाई कार्यालय पर धरनारत है। मारबाड़ी मोहल्ला निवासी इन महिलाओं का नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ ये धरना आज रविवार को 5वे दिन भी अनवरत जारी रहा। धरने पर बैठी महिलाओं ने धरना स्थल पर ही ढोलक की थाप पर गीत गाकर हरियाली तीज का उत्सव मनाया। महिलाओं का कहना है कि यदि उनकी मांग पूरी नही की जाती तो 1 अगस्त से भूख हड़ताल की जाएगी। इन महिलाओं की मांग सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत कराए जाने की है। महिलाओं का कहना है कि मोहल्ले में बनाये गए इस शौचालय पर नगर पालिका ने कोई ध्यान नही दिया और जर्जर हालत में पहुंचने पर उस पर ताला जड़ दिया। नगरपालिका की इस उदासीनता के चलते महिलाएं खुले में शौच को जाने को मजबूर है। महिलाओ का आरोप है कि वर्तमान में नगरपालिका अध्यक्ष के पद पर भी इंदुरानी है जी स्वयं एक महिला है, परन्तु अभी तक उन्होंने भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। महिलाओं का कहना है कि ये केवल उनकी सुविधा से जुड़ा मुद्दा नही है वरन अपनी इस उदासीनता के चलते नगरपालिका स्वच्छ भारत अभियान को भी ठेंगा दिखा रही है।
वार्ड सभासद विमल चौधरी के नेतृत्व में 5वे दिन भी धरने पर रहने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से भावना, जयमाला, प्रीति, गीता देवी, नीतू, गंगेश्वरी, विमला, ममता, रामश्री, प्रियंका रस्तोगी, सोमवती आदि शामिल रही।
अभी तक पढ़ा गया |