नहटौर नगर में आज राम बारात शोभा यात्रा बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम से निकाली गयी। शोभा यात्रा मिडिल स्कूल प्रांगण से प्रारम्भ होकर अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए कासमपुर लेखराज स्थित बालेश अग्रवाल के आवास पर जाकर संपन्न हुई। शोभा यात्रा में शामिल अखाड़ों व आकर्षक झांकियो ने सभी का मन मोह लिया। शोभा यात्रा में शामिल विभिन्न बैंड भक्तिमय व देशभक्ति की धुनें बिखरते हुए चल रहे थे। शोभा यात्रा जहाँ भी पहुँची वातावरण भक्तिमय व देश भक्तिमय होता गया।
दशहरा पर्व से पूर्व नगर में विभिन्न स्थानों पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का जीवन चरित्र रामलीला व डिजिटल माध्यमों से दिखाया जा रहा है। नगर के मिडिल स्कूल में भी गत वर्षो की भाँति इस वर्ष भी डिजिटल माध्यम से बड़े परदे पर दूरदर्शन के दर्शको द्वारा काफी सराहा गया रामायण सीरियल प्रतिदिन दिखाया जा रहा है। इसे देखने को प्रतिदन बड़ी संख्या में भक्तो की भीड़ प्रतिदिन वहाँ जुट रही है। इसी क्रम में आज नगर की ऐतिहासिक राम बारात निकाली गयी। शोभा यात्रा का विधिवत शुभारम्भ पूर्व भाजपा सांसद नगीना लोकसभा सीट यशवंत सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया। शोभा यात्रा में सबसे आगे घोड़े पर सवार एक युवक धर्म ध्वजा लेकर चल रहा था। इसके पीछे प्रथम पूज्य, विघ्नहर्ता श्री गणेश की झांकी, अखाड़ा जिस पर युवक करतब दिखा रहे थे, रास रचाते राधा कृष्ण, वीर हनुमान, भारत माता, श्रीराम परिवार, नृत्य करते शिव शंकर व पार्वती, महाकाली के विकराल रूप व ब्रिटिश हुकूमत द्वारा बंदी बनाये गए भगत सिंह की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। दर्शको ने इन झांकियो व नृत्य नाटिकाओं की प्रस्तुतियों को खूब सराहा।
शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर व कस्बा प्रभारी के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। शोभा यात्रा अपने निश्चित मार्ग से होती हुई देर रात कासमपुर लेखराज स्थित व्यवसायी बालेश अग्रवाल के आवास पर जाकर संपन्न हुई। जहाँ बालेश अग्रवाल जी ने सपरिवार राम बारात का स्वागत किया। इस अवसर पर वहाँ जलपान की भी व्यवस्था की गयी थी। शोभा यात्रा में मुख्य रूप से आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष रंजीत जोशी, अरविन्द जोशी, सिद्धांत जैन, कपिल शर्मा, अंकुश अग्रवाल (बाबा) ,राकेश अग्रवाल, संजय शर्मा (मुनीम जी), रतन सिंह सैनी, संजू सैनी, जॉनी जोशी, महावीर सैनी, अशोक चंद्रा, आदेश चंद्रा, कृष्णा वर्मा, मोहित शर्मा आदि शामिल रहे। सभी का शोभा यात्रा संचालन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अभी तक पाठक संख्या |