आज शनिवार की सुबह रजपुरा थाना क्षेत्र में पहिया निकलने के कारण अनियंत्रित हुई कैंटर ने बाइक सवार पिता पुत्र को रौंद दिया। इस सड़क दुर्घटना में पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बबराला के मोहल्ला शिवपुरी निवासी सर्वेश बंसल का रजपुरा में जनरल स्टोर है। सर्वेश प्रतिदिन बाइक द्वारा रजपुरा आते जाते है। आज शनिवार की सुबह भी लगभग 8 बजे सर्वेश आयु 62 वर्ष अपने पुत्र अमन के साथ रजपुरा जा रहे थे। बबराला गंवा मार्ग पर गांव सिंहावली के पास पहुंचने पर विपरीत दिशा से आ रही एक कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। ये हादसा कैंटर का पहिया निकलने के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद अनियंत्रित हुई कैंटर भी सड़क पर ही पलट गई। इस दुर्घटना मे सर्वेश बंसल की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर थानाध्यक्ष रजपुरा पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम को भेज दिया। घायल को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत को गम्भीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष रजपुरा ने बताया कि उक्त मामले में कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक की तलाश जारी है।
अभी तक पाठक संख्या |