संभल - दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पहुँची पुलिस टीम पर पथराव, 2 महिलाओ सहित 18 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनपद संभल में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पहुँची पुलिस टीम पर दबंगो ने हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस की एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओ सहित 18 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो हमलावरों को गिरफ्तार भी किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के गाँव फरीदपुर में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया था। दोनों पक्षों के बीच मारपीट, पथराव व फायरिंग की सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी बबराला प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। मौके पर जाकर पता लगा कि गाँव के जसवीर व सतपाल पक्ष के लोगो के बीच मारपीट व फायरिंग हो रही है। पुलिस द्वारा इसको रोकने का प्रयास करने पर दोनों पक्षों ने हमसाज होकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया। लाठी डंडो से लैस दबंगो ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस अफरा तफरी में पुलिस की एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। मजबूरहोकर पुलिस को पीछे हटना पड़ा। चौकी प्रभारी द्वारा घटना की सूचना थाने को दिए जाने पर विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुँचा और गाँव की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने एक पक्ष में जसवीर व दुसरे पक्ष के सतपाल को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गाँव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
गुन्नौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुए विवाद की सूचना पर पुलिस टीम गाँव फरीदपुर पहुँची थी। जहाँ दबंगो ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। एक पक्ष के जसवीर व दुसरे पक्ष के सत्यपाल को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियों के पास से एक तमंचा भी बरामद किया गया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष के जसवीर, जितेंद्र, पुजारी, गरिमा व दुसरे पक्ष के सत्यपाल, जयपाल, सतेंद्र, चंद्रवती व 10 अन्य अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पार्टीबंदी से प्रभावित गाँव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है।
अभी तक पाठक संख्या |