चंदौसी - छत पर चढ़े सांड को कड़ी मशक्क्त में बाद दमकल व पशु चिकित्सा विभाग कर्मियों ने नशे का इंजेक्शन देकर नीचे उतारा
जिला संभल के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में एक सांड मकान की छत पर चढ़ गया। छत पर चढ़े इस सांड को उतारने में लगी दमकल विभाग की टीम व ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में बाद सांड को छत से नीचे उतारा जा सका। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग व दमकल टीम ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मौलागढ़ निवासी रामकली के घर की छत पर कल शुक्रवार की रात एक सांड चढ़ गया। आज सुबह छत पर चढ़े सांड को देख गाँव में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों व सूचना पर पहुँची पुलिस ने सांड को छत से उतारने के काफी प्रयास किये मगर असफल रहे। घटना के बारे में पता लगने पर अग्निशमन विभाग व पशु चिकित्सालय की टीम मौके पर जा पहुँची। इसके बाद सांड को छत से नीचे उतारने के प्रयास शुरू किये गए।
कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रस्सियों से सांड को बांधकर नशे का इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रस्सी में बांधकर सांड को नीचे उतारा गया। पशु चिकित्सा विभाग के मुन्ना लाल ने बताया कि गाँव मौलागढ़ में एक सांड मकान की छत पर चढ़ गया था। सांड को नशे का इंजेक्शन देकर कड़ी मशक्कत में बाद सुबह 10 बजे नीचे उतारा गया है।
अभी तक पाठक संख्या |