धामपुर - महिला ने नींद की गोलियों का सेवन कर किया जान देने का प्रयास, बिजली विभाग के जेई पर लगाया ये आरोप
आज मंगलवार को धामपुर थानाक्षेत्र के गांव सरकड़ा की एक महिला ने बिजली विभाग के जेई की हरकतों से तंग आकर नींद की गोलियों का सेवन कर जान देने का प्रयास किया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार हेतु नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सको के अनुसार उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार हो रहा है। इस मामले में ग्रामीणों ने कोतवाल से मिल कर आरोपी जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गाँव की अनुसूचित जाति की एक महिला को बिजली विभाग के जेई व एक अन्य कर्मचारी ने गत 12 जून को बिजली बिल का बकाया माफ़ करने के बहाने बिजलीघर बुलाया था। आरोप है कि इसी दौरान जेई ने महिला के साथ छेड़खानी की। इस घटना में सम्बन्ध में महिला ने ग्रामीणों के साथ कोतवाली जाकर जेई समेत दो कर्मचारियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों के अनुसार जेई अपने लोगो को महिला के घर भेजकर समझौता करने हेतु दबाब बना रहा है। बताया गया कि जेई के लोग गत कई दिनों से महिला के घर जाकर उस पर समझौता करने का दबाब बना रहे थे। महिला ने किसी भी प्रकार का समझौता करने से साफ इंकार कर दिया था। इसके बाद कल सोमवार को दिन व रात में कुछ लोग महिला से जाकर मिले थे। इन लोगो ने समझौता न करने पर उसे देख लेने की धमकी दी थी। जेई के खिलाफ पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किये जाने से आहत महिला ने आज मंगलवार को नींद की गोलियों का सेवन कर जान देने का प्रयास किया।
महिला की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार हेतु एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सको का कहना है कि अब महिला की हालत में सुधार है। दूसरी ओर आज ग्रामीण दयाशंकर राणा, सतीश कुमार चौहान, जितेंद्र, लाखन सिंह, विजय सिंह आदि ने आज प्रभारी निरीक्षक धामपुर से मिलकर उक्त मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक धामपुर अनुज तोमर ने बताया कि अभी तक की जाँच में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों का कोई साक्ष्य नहीं मिल सका है। मामला उच्च अधिकारियो के संज्ञान में है। बिजली विभाग द्वारा जेई सुमित कुमार को वहाँ से हटाकर अफजलगढ़ भेज दिया गया है। उनके स्थान पर जेई चेतराम को भेजा गया है।
अभी तक पाठक संख्या |