कोतवाली देहात - बरेली के कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, 1 की मौत 1 दर्जन से अधिक घायल
आज शुक्रवार की सुबह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस दुर्घटना में जनरेटर के नीचे दबकर एक कांवड़िये की मौत हो गई जबकि एक दर्जन से अधिक घायल हो गए। ,सूचना पर पहुँची पुलिस ने घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेली के 33 कांवड़ यात्री एक ट्रक में सवार होकर हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे थे। इनका ट्रक थाना क्षेत्र के रोशनपुर बाईपास पर गौसपुर के पास पहुँचने पर अचानक ही अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में जनरेटर के नीचे दबने पर एक कांवड़ यात्री महेश पाल आयु 28 वर्ष पुत्र केदार, निवासी कंदरा कोटरी, बरेली की दर्दनाक मौत हो गयी। इस हादसे में एक दर्जन से अधिक कांवड़ यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुँची पुलिस ने दुर्घटना में घायल हुए कांवड़ यत्रियो को उपचार हेतु सीएचसी नगीना में भर्ती कराया। अस्पताल में भर्ती बिट्टू आयु 23 रोहताश की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्रक सवार अन्य यात्रियों के अनुसार चालक गाडी चलाते समय मोबाइल देख रहा था इसी दौरान ये घटना हो गयी।
दुर्घटना में घायल होने वालो में अजय आयु 15 वर्ष पुत्र श्यामलाल, अरुण आयु 12 वर्ष पुत्र छत्रपाल, धर्मेंद्र आयु 21 वर्ष पुत्र श्यामलाल, बिट्टू आयु 38 वर्ष, बबलू आयु 19 वर्ष, रेनू देवी आयु 35 वर्ष, सागर आयु 15 वर्ष, मनोज, बाबू, विजय, गोपाल, गौरव आदि शामिल है।
अभी तक पाठक संख्या |