बिजनौर - खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शनिवार दोपहर से नहीं पहुँचा था घर, पुलिस जाँच में जुटी
आज रविवार को बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। बताया गया कि युवक कल शनिवार की दोपहर से लापता था। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के उपरांत पोस्टमार्टम को भेज दिया।
प्राप्त जानकरी के अनुसार आज रविवार की सुबह बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव गांवड़ी बुजुर्ग के निवासी अपने खेतो पर जा रहे थे। रास्ते ने उन्होंने पॉपुलर के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों ने शव पेड़ से लटका होने की सूचना तत्काल गंज पुलिस चौकी पर दी। शव मिलने की सूचना मिलने पर मौके पर भारी भीड़ जुट गयी। सीओ सिटी अनिल कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर जीत सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने मृतक की शिनाख्त भूदेव आयु 25 वर्ष पुत्र विशम्भर, निवासी गांवड़ी बुजुर्ग के रूप में की। घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूरी पर मृतक की बाइक भी पुलिस को मिली है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि वह कल दोपहर बाद से वापस घर नहीं आया था। बताया गया कि भूदेव की दो वर्ष पहले शादी हुई थी और 8 माह का एक बच्चा भी है। भूदेव मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। भूदेव की मौत के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ सिटी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
अभी तक पाठक संख्या |