संभल - प्रेम प्रसंग से खफा आरोपियों ने खेत पर सो रहे चाचा -भतीजे को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, 5 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कल रविवार की देर रात संभल के जुनावई थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते खेतो पर सो रहे चाचा भतीजे को गोली मार दी गयी। इस घटना में एक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार हेतु अलीगढ भेजा गया। जहाँ आज सोमवार की सुबह उसकी भी मौत हो गयी। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ ही उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस मामले में मृतकों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 5 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उक्त मामला जनपद सम्भल के थाना क्षेत्र जुनावई के लावर गाँव का है। जहाँ गत रात्रि खेत पर सो रहे दो लोगो आरोपियों ने गोली मार दी। इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। गत रात्रि गाँव निवासी प्रताप और उमेश अपने खेत पर सो रहे थे। रात करीब 2 बजे गाँव निवासी विजयपाल अपने भाई श्यामनारायण व अन्य साथियो के साथ मौके पर पहुँचा और सोते हुए प्रताप के माथे, बांये कंधे व दांये कोख में गोली मार दी। इस घटना के दौरान वही सो रहे क्रांति की आँख खुल गयी और उसने मौके से भागकर जान बचाई। यहाँ से आरोपी अकबराबाद मार्ग पर पहुंचकर अपने खेत पर सो रहे प्रताप के भतीजे उमेश को उठाया और गोली मार दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग व परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को लेकर सीएचसी पहुँचे। जहाँ चिकित्सको ने प्रताप को मृत घोषित कर दिया और उमेश को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर जुनावई पुलिस मौके पर पहुँची। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने भी घटनास्थल पर पहुँचकर निरिक्षण किया। एसपी ने मृतक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की। पुलिस ने प्रताप के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। एसपी कुलदीप सिंह गुनावत ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र जुनावई के गाँव लावर में दो लोगो के गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। यहाँ प्रताप पुत्र गंगा सहाय व उसका भतीजा उमेश पुत्र रघुवीर अपने खेतो पर सो रहे थे। इसी दौरान उन दोनों को गोली मार दी गयी। जिसमे प्रताप की मौत हो गयी जबकि गंभीर रूप से घायल उमेश को अलीगढ रेफर किया गया है। आज सोमवार की सुबह उपचार के दौरान उमेश की भी अलीगढ में मौत हो गयी। मृतको के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 5 लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 01 अभियुक्त जयपाल को गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य 3 हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का जल्द ही खुलासा कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु 5 टीम गठित की गयी है।
बताया गया कि मृतक प्रताप के पुत्र का आरोपी की पुत्री से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 2 वर्ष पूर्व प्रताप का पुत्र आरोपी की पुत्री को उसकी ससुराल से ले गया था। इसी कारण दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही है।
अभी तक पाठक संख्या |