अजीमनगर/रामपुर - रक्षा बंधन पर पति के मायके जाने से इंकार पर पत्नी ने जहर खाकर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जनपद रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गाँव में रक्षा बंधन पर मायके जाने को लेकर एक विवाहिता का अपने पति के साथ विवाद हो गया। इस विवाद के चलते महिला ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के मुफ़्ती गाँव निवासी अमर सिंह की शादी लगभग 8 वर्ष पूर्व शहजादनगर थाना क्षेत्र के गांव उदय की मंडिया निवासी द्रौपदी के साथ हुआ था। आज गुरुवार को उसकी पत्नी से रक्षाबंधन के अवसर पर उससे मायके चलने को कहा था। अमर सिंह का कहना है कि उसे कुछ काम था किस कारण उसने मना कर दिया। द्रौपदी जाने की जिद पर अड़ी रही और दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद उसने कमरे में जाकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। द्रौपदी की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे लेकर मठखेड़ा के एक अस्पताल पहुंचे और वहां से बिलासपुर ले गए। जहाँ से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे रुद्रपुर ले जा रहे थे इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गयी। परिजन शव को घर ले आये।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतका के परिजन भी सूचना मिलने पर मौके पर आ गए। मायके वालो ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। थाना प्रभारी अजीमनगर विजेंद्र सिंह में बताया कि इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अभी तक पाठक संख्या |