चंदौसी - रेलवे क्रासिंग 36 बी पर फ्लाई ओवर निर्माण की मॉंग को लेकर युवा उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने किया प्रदर्शन
आज बुधवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर के 36बी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाई ओवर के निर्माण की माँग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। रेलवे क्रॉसिंग 36बी पर एकत्र हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर जल्द ही फ्लाई ओवर निर्माण कराने की माँग की ताकि क्षेत्रवासियो को यहाँ लगने वाले लम्बे जाम से मुक्ति मिल सके।
इस अवसर पर उपस्थित रहे व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय (अन्नू) ने कहा कि अब जनता की सहने की सीमा समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर की बढ़ती आबादी व मुरादाबाद - अलीगढ मार्ग पर स्थित इस रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम से मुक्ति पाने को अब आमजन को भी सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के सेतु निर्माण विभाग ने मंजूरी देने के बाद शासन स्तर से बजट की पहली क़िस्त भी मंजूर करा दी थी। अब रेलवे टेंडर प्रक्रिया पूर्ण ने होने के कारण निर्माण कार्य को प्रारम्भ करने में देरी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि ये क्रासिंग एक महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है। यहाँ से लम्बी दूरी के वाहनों के साथ ही बड़ी संख्या में नगर व क्षेत्रवासी भी प्रतिदिन गुजरते है। यहाँ लगने वाले लम्बे जाम एक कारण सभी को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होने कहा कि राहगीरो को इस समस्या से मुक्ति दिलाने हेतु लम्बे समय से यहाँ फ्लाई ओवर की मांग की जा रही है। युवा उद्योग व्यापार मंडल भी पिछले लगभग 10 वर्षो से इस हेतु प्रयासरत है। इस शासकीय नाकामी को देखते हुए ही आज उन्हें अपने साथियो के साथ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने हेतु बाध्य होना पड़ा है। उन्होंने बताया कि समस्या से अवगत कराते हुए व फ्लाई ओवर के निर्माण लिए रेलवे मंडल महाप्रबंधक मुरादाबाद को अनगिनत पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है।
फ्लाई ओवर निर्माण की माँग को लेकर किये गए प्रदर्शन के दौरान युवा उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष के अतिरिक्त प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी, मयंक वार्ष्णेय, मुदित शर्मा, आशीष तूफानी, मुजीब, इरफ़ान मंसूरी, हर्षित, विक्की रस्तौगी, कुशाग्र अग्रवाल आदि युवा व्यापारी मौजूद रहे।
अभी तक पाठक संख्या |