बिलारी/मुरादाबाद - आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने फांसी के फंदे लटककर दी जान, बेटी की शादी को नहीं जुटा पा रहा था दहेज
आज गुरुवार को मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र निवासी एक किसान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किसान का शव जंगल में पेड़ पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि किसान की आर्थिक स्थिति सही नहीं थी और कुछ दिनों बाद उसकी पुत्री की शादी थी। काफी प्रयासों के बाद भी किसान बेटी के दहेज व बारात के स्वागत का इंतजाम नहीं कर सका था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव नूरउद्दीनपुर का निवासी हरद्वारी आयु 50 वर्ष पुत्र भैरव सिंह पेशे से किसान था। हरद्वारी का शव आज गुरुवार को पास के गाँव मकनपुर के जंगल में पेड़ से लटका मिला। हरद्वारी इसी गांव के निवासी संजीव चौधरी की जमीन पर चौथाई में खेती करता था। हरद्वारी की आर्थिक स्थिति पिछले कुछ समय से सही नहीं चल रही थी। हरद्वारी के परिवार में 3 पुत्री व 1 पुत्र है। हरद्वारी की बड़ी पुत्री नेहा आयु 24 वर्ष की पुत्री की शादी सम्भल जिले के एक गाँव में तय हो चुकी थी और 27 दिन बाद बारात आनी थी। नेहा बीए कर चुकी है जबकि पुत्र बीएसी व छोटी पुत्री कक्षा 11 की छात्रा है। नेहा की शादी में अब 1 माह से भी कम का समय बचा था। परिजनों का कहना है कि हरद्वारी रात दिन बेटी की शादी की तैयारियों में जुटा था। तमाम कोशिशें करने के बाद भी वो बारातियों के खानपान और बेटी को दिए जाने वाले दहेज का इंतजाम नहीं कर पा रहा था। इसे लेकर हरद्वारी तनाव में था।
आज गुरुवार को गाँव मकनपुर के जंगल में संजीव चौधरी के खेत के पास ही हरद्वारी का शव एक पेड़ पर फंदे के सहारे लटका मिला। हरद्वारी का शव पेड़ पर लटका देखा ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारने के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ बिलारी राजेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ ने बताया कि परिजनों ने आर्थिक तंगी में आत्महत्या करने की बात बताई है। मामले की जांच की जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |