मुरादाबाद - देवर ने की छेड़खानी, ससुर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत करने पर पति ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद के पाकबाड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने देवर व ससुर पर छेड़खानी व दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। इसके साथ ही शिकायत करने पर पति द्वारा तीन तलाक देकर घर से निकाले जाने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
पाकबाड़ा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसका निकाह 16 मई 2023 को छजलैट थाना क्षेत्र के गाँव निवासी युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही देवर उस पर बुरी नजर रखता है और कई बार अकेले होने पर छेड़खानी कर चुका है। पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया गया है कि ससुर अपनी पत्नी को 9 वर्ष पूर्व छोड़ चुके है और अकेले ही रह रहे है। आरोप है कि 27 मार्च 2024 की रात करीब 12 बजे ससुर ने उसके कमरे में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान महिला द्वारा शोर मचाने पर उसके पति व अन्य परिजनों ने उसे शांत करा दिया। उसके अगले दिन सभी ने उसके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पति ने तीन तलाक देकर महिला को घर से निकाल दिया।
उक्त मामले में पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पाकबाड़ा थाने में पति, देवर, ससुर, चचिया सास व जेठानी खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अभी तक पाठक संख्या |