रामपुर - रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला 4 दिन से लापता युवक का शव, नाराज होकर मायके गयी पत्नी नहीं आ रही थी वापस
![]() |
मृतक संजीव की फाइल फोटो |
आज रविवार की सुबह जनपद रामपुर के मिलक कोतवाली क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे के युवक का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर शिनाख्त कर मृतक के परिजनों को सूचित किया। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
आज रविवार की सुबह मिलक पुलिस को सूचना मिली कि नगर के मोहल्ला वशीर नगर और मेहंदी नगर के बीच रेलवे लाइन किनारे क्षत विक्षत अवस्था में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने मृतक की जेब की तलाशी ली। जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त संजीव कुमार आयु 31 वर्ष पुत्र राजकुमार निवासी गाँव एमी के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत ही मृतक के परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने पर रोते बिलखते मृतक के परिजन मौके पर पहुँच गए। मृतक के भाई राजीव ने बताया कि संजीव कुमार की शादी करीब 10 वर्ष पूर्व सीमा पुत्री ओमप्रकाश, निवासी गाँव मतवाली थाना क्षेत्र पटवाई के साथ हुई थी। राजीव के अनुसार शादी के कुछ समय बाद से ही पति - पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। इसी विवाद के चलते सीमा नाराज होकर लगभग डेढ़ माह पूर्व मायके चली गयी थी। संजीव व उसके परिजन बरेली के एक ईंट भट्टे पर मजदूरी करते थे। संजीव ने कई बार सीमा को भट्टे पर बुलाने का प्रयास किया मगर वह नहीं आयी थी। बताया गया कि गत 20 मई को संजीव अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था मगर वापस नहीं आया था। पिछले 4 दिनों से परिजन संजीव की तलाश में जुटे थे। आज रविवार की सुबह संजीव का शव रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला।
मृतक के पिता राजकुमार ने बताया कि 2 दिन तक संजीव के वापस न आने पर उसके ससुराल पक्ष से सम्पर्क करने का प्रयास किया था मगर उन लोगो ने फोन नहीं उठाया। राजकुमार के अनुसार बार बार फोन किये जाने पर संजीव के ससुराल वालो ने उनके फोन नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिए थे। राजकुमार का कहना है कि यदि सीमा के परिजन उन्हें कोई सूचना दे देते तो शायद संजीव को बचाया जा सकता था। मृतक के परिवार में पत्नी सीमा के अतिरिक्त 8 वर्षीय पुत्री राधिका, 2 वर्षीय पुत्री मुन्नी तथा 5 वर्षीय पुत्र आयुष है।
प्रभारी निरीक्षक मिलक धनंजय सिंह ने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही साफ होगा कि मजदूर की हत्या की गई है या उसनेआत्महत्या की है।
अभी तक पाठक संख्या |