मुरादाबाद - घर से खेलने को निकले 10 वर्षीय बच्चे का शव खेत में पड़ा मिला, कुकर्म की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
इनसेट में मृतक आयुष की फाइल फोटो |
जनपद मुरादाबाद से कल बुधवार की शाम घर से खेलने निकले एक 10 वर्षीय बच्चे की हत्या किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। बच्चे का शव आज गुरुवार की सुबह घर से 200 मीटर दूरी पर गन्ने के खेत में पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। बच्चे के कपड़े खेत में ही पड़े मिले है। मौके पर मिले साक्ष्य बच्चे के साथ कुकर्म किये जाने का अंदेशा जता रहे है। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जाँच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र का निवासी आयुष आयु 10 वर्ष गाँव के ही सरकारी स्कूल में कक्षा 5 का छात्र था। आयुष के पिता संजय सिंह उर्फ़ संजू के डेढ़ वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना मे मौत हो चुकी है। आयुष के माँ सीमा देवी के अनुसार उसका पुत्र कल बुधवार की शाम खेलने जाने को कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह देर तक घर वापस नहीं आया। परिजनों व ग्रामीणों ने कल रात ही आयुष को तलाश करने का प्रयास किया। इस दौरान घर से 200 मीटर दूरी पर स्थित एक निजी स्विमिंग पूल के पास स्थित गन्ने के खेत की मेढ़ पर आयुष के कपड़े मिले। ग्रामीणों व परिजनो द्वारा की गयी काफी खोजबीन के बाद भी आयुष का कुछ पता नहीं लग सका। इसके बाद बारिश होने के कारण बच्चे की तलाशी का काम नहीं हो सका।
आज गुरुवार की सुबह परिजनों व ग्रामीणों ने फिर से आयुष की तलाश शुरू की। आज उसी गन्ने के खेत में आयुष का शव पड़ा मिला जिसकी मेढ़ पर रात को उसके कपड़े मिले थे। बच्चे के गले पर नाखूनों के निशान थे व मुंह में मिटटी भरी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई व जांच पड़ताल के बाद बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। सूचना पर डीआईजी मुनिराज ने भी मौके पर पहुंचकर बच्चे के परिजनों से जानकारी की। मृतक बच्चा गरीब परिवार से था और किसी दुश्मनी का भी कोई मामला सामने नहीं आया है। मृतक तीन भाई बहनो में दुसरे नम्बर का था। पिता में मौत के बाद उसकी माँ मेहनत मजदूरी कर बच्चो का पालन पोषण कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अभी तक पाठक संख्या |