अफजलगढ़ - पुलिस ने रिमांड पर लिए गए अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किए गए 5 लाख कीमत के आभूषण किये बरामद
पुलिस अधीक्षक बिजनौर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे सघन अभियान एक तहत प्रतिदिन ही जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में वाँछितो की गिरफ्तारियों का क्रम जारी है। इसी के तहत आज सोमवार को थाना अफजलगढ़ पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 16 अप्रैल को थाना क्षेत्र के गाँव मेघपुर निवासी मुन्नी पत्नी अनीश ने एक तहरीर दी थी। इस तहरीर में बताया गया था कि 12 अप्रैल को वह और उसके परिजन किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। वापस आने पर पता लगा कि अज्ञात चोरो ने घर में घुसकर सोने चांदी के जेवरात चुरा लिए है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज व आसपास के निवासियों से जानकारी करने पर पता लगा कि घटना के दिन एक बाइक पर तीन लोग आये थे। सीसीटीवी फुटेज दिखाकर जानकारी करने पर एक बाइक सवार की पहचान सुल्तान उर्फ़ चेनी पुत्र अशरफ, निवासी ग्राम चक गोवर्धन ,थाना नहटौर के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर सुल्तान उर्फ़ चेनी व 2 अज्ञात चोरो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान शानू उर्फ़ गोलटा पुत्र तस्लीम व फईम उर्फ़ बिच्छू पुत्र शौकत अली, निवासीगण निवाड़ी सराय, थाना क्षेत्र नगीना का नाम प्रकाश में आया था।
अफजलगढ़ पुलिस ने न्यायालय से अनुरोध कर अभियुक्त शानू उर्फ़ गोलटा को 7 दिनों के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर ले लिया था। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर करीब 5 लाख रूपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद कर लिए थे। अभियुक्त ने पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में बताया कि उसने कुछ सोना नहटौर के एक सर्राफा व्यापारी के यहाँ 47600 रूपये में गिरवी रखा हुआ है। कल रविवार को नहटौर पहुंची अफजलगढ़ पुलिस ने सर्राफा व्यापारी की दुकान पर छापामार कार्रवाई कर 17.5 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किये थे। इसके अतिरिक्त पुलिस ने अभियुक्त शानू के घर से ईंटो के नीचे छिपाकर रखे गए सोने के 3 हार, 4 जोड़ी बुँदे, 4 अंगूठी पुरुष, 1 अंगूठी महिला, 5 जोड़ी कान की बालियां, 2 छोटी नोजपिन जिनका वजन 72.5 ग्राम है बरामद की थी।
थानाध्यक्ष अफजलगढ़ पुष्कर सिंह मेहरा ने बताया कि अभियुक्त शानू उर्फ़ गोलटा शातिर किस्म का बदमाश है। अभियुक्त के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, गैंगस्टर अधिनियम आदि के तहत 2 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है। अभियुक्त को गिरफ्तार व चोरी किये गए माल को बरामद करने में थानाध्यक्ष पुष्कर सिंह मेहरा के अतिरिक्त उप निरीक्षक हरवीर सिंह, हेड कांस्टेबल सचिन चौधरी शामिल रहे।
अभी तक पाठक संख्या |