गजरौला/जिला अमरोहा - शादी तय होने के बाद महिला प्रिंसिपल ने की आत्महत्या, कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला शव
![]() |
पोस्टमार्टम को शव भेजती पुलिस व इनसेट में मृतका मनीषी की फाइल फोटो |
जनपद अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में आज बुधवार की सुबह एक महिला प्रधानाचार्य ने फांसी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। महिला का शव उनके कमरे के पंखे के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बताया गया कि कल मंगलवार को ही प्रधानाचार्या की शादी तय हुई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद सम्भल के असमोली ब्लॉक स्थित गाँव दवोई कलां के जूनियर हाई स्कूल में प्रधानाचार्या के पद पर तैनात मनीषी अपनी माँ माया के साथ नगर के गंगानगर मौहल्ले में रहती थी। मनीषी के पिता रेलवे में स्टेशन अधीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उनकी 2 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मनीषी के दो भाई रजनीश व अवनीश नोयडा स्थित एक निजी कम्पनी में इंजीनियर है। मनीषी की माँ ने बताया कि कल मेरठ से लड़के वाले बेटी को देखने आये थे और रिश्ता तय हो गया था। इसके बाद से ही मनीषी काफी परेशान थी। कई बार पूछने पर भी उसने कुछ नही बताया। मनीषी आज सुबह भी परेशान थी और चाय नाश्ता करने के बाद अपने कमरे में चली गयी थी। काफी देर तक मनीषी के बाहर न आने पर खाना खाने को उसे बुलाया गया मगर कोई जबाब नही मिला। इसके बाद कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया मगर कोई प्रतिक्रिया नही हुई। कमरे की खिड़की से झाँकने पर पता लगा कि मनीषी का शव दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था। मनीषी को फांसी एक फंदे पर लटका देख उसकी माँ ने शोर मचा दिया। शोर सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थानाध्यक्ष गजरौला सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। अभी तक आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नही लग सका है। मामले की जांच की जा रही है।
अभी तक पाठक संख्या |