उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर से साइबर अपराध और हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक बुजुर्ग व्यक्ति को डेटिंग ऐप के माध्यम से जाल में फंसाकर न केवल उनके साथ मारपीट की गई, बल्कि नकदी और जेवरात भी लूट लिए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो अन्य फरार हैं।
उक्त घटना बिजनौर नगर कोतवाली क्षेत्र से है। विशाल भटनागर निवासी मोहल्ला चाहशीरी ने गत 17 अप्रैल को पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसके पिता वीरेंद्र भटनागर के साथ कुछ युवकों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट और लूटपाट की है। पुलिस द्वारा की गयी जांच के दौरानखुलासा हुआ कि आरोपियों ने 'पोलो' नामक डेटिंग ऐप पर 'बेबी' नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बना रखी थी। इस आईडी को मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी समीर संचालित कर रहा था। समीर ने महिला बनकर बुजुर्ग वीरेंद्र भटनागर से दोस्ती कर धीरे-धीरे उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया था। गत 17 अप्रैल को समीर ने वीरेंद्र भटनागर को मिलने के बहाने बुलाया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार समीर ने अपने साथी मोनिश को राम चौराहे पर भेजा। यहाँ पहुँचे बुजुर्ग वीरेंद्र भटनागर बेखबर होकर मोनिश की बाइक पर बैठ गए। मोनिश उन्हें शहर से बाहर एक सुनसान बाग में ले गया। जहाँ समीर, आकिल, अनस, फरहान और फरदीन पहले से घात लगाए बैठे थे।
बाग में पहुँचते ही आरोपियों ने बुजुर्ग को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने डरा-धमकाकर बुजुर्ग से सोने की एक अंगूठी और चांदी की चेन लूट ली। इतना ही नही आरोपियो ने बुजुर्ग से फोन का पासवर्ड हासिल कर 65,000 रुपये भी अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
उक्त मामले मे मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी चार आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार किये गए आरोपियो के नाम मोनिश पुत्र अनवार अहमद, समीर पुत्र रहीश, आकिल पुत्र समीर अहमद व अनस पुत्र सईद, निवासी गण मोहल्ला काजीपाड़ा, बिजनौर है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लूटी गई रकम आपस में बांट ली थी। गिरोह के दो सदस्य फरदीन पुत्र लियाकत और फरहान पुत्र असलम फिलहार फरार है। पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया था। इस हनीट्रैप गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.jpg)
