तहसील बिजनौर के तत्वावधान में कृष्णा कॉलेज में आयोजित जनगणना 2026 से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 16 अप्रैल से 2 मई तक चले इस विस्तृत प्रशिक्षण शिविर में जनगणना कार्य से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों और अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों और आवश्यक दिशा-निर्देशों से लैस किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक और फील्ड ट्रेनर सचिन कुमार भारद्वाज ने प्रतिभागियों को जनगणना की जटिल प्रक्रिया को सरल ढंग से समझाया। उन्होंने विशेष रूप से मोबाइल फोन के माध्यम से डिजिटल डेटा संकलन की विधि पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के समस्त 34 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही फील्ड वर्क के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान बताए गए। प्रतिभागियों को डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी बारीकियों का अभ्यास कराया गया।
समापन अवसर पर जिला प्रभारी जनगणना श्री जे.पी. यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने फील्ड ट्रेनर सचिन कुमार भारद्वाज के प्रयासों और प्रशिक्षण की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार की जनगणना में तकनीक का बड़ा महत्व है और इस प्रकार के गहन प्रशिक्षण से त्रुटिहीन डेटा प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया। प्रतिभागियों का कहना था कि मोबाइल द्वारा डेटा फीडिंग के सत्रों से उनके मन में तकनीक को लेकर जो शंकाएं थीं, वे दूर हो गई हैं। अब वे फील्ड में पूरी तैयारी के साथ कार्य करने के लिए तैयार हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

