पीलीभीत नगर कोतवाली क्षेत्र मे आज शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव घर के बाहर लगी ग्रिल के सहारे फंदे लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक कल गुरुवार को ही अपनी ससुराल से वापस आया था। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिरसा गांव निवासी रूपलाल आयु 21 वर्ष पुत्र मोतीराम की शादी अभी 2 माह पूर्व ही हुई थी। परिजनों ने बताया कि रूपलाल की पत्नी पिछले एक सप्ताह से गांव बक्शपुर स्थित अपने मायके में रह रही थी। कल गुरुवार को रूपलाल अपनी पत्नी से मिलने ससुराल गया था वहां से लौटने के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रूपलाल ने कल गुरुवार की देर रात करीब 12 बजे घर के बाहर लगी ग्रिल के सहारे फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या की है। उस समय रूपलाल के परिजन गांव के बाहर स्थित अपने दूसरे घर में थे, जिस कारण किसी को इस घटना की भनक तक नहीं लग सकी। आज शुक्रवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने रूपलाल के शव को फंदे से लटका हुआ देखा। इस घटना के बाद गाँव मे अफरातफरी मच गयी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर प्रमेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अभी तक आत्महत्या के ठोस कारणों का पता नहीं चल सका है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
