रामपुर/उत्तर प्रदेश - फर्जी पुलिसकर्मी बन महिला से साढ़े 5 लाख की रंगदारी वसूलने वाले आरोपी दंपत्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अगस्त 11, 2026

रामपुर/उत्तर प्रदेश - फर्जी पुलिसकर्मी बन महिला से साढ़े 5 लाख की रंगदारी वसूलने वाले आरोपी दंपत्ति के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

newsindia17.com/rampur-fake-police-ransom-5-5-lakh-couple-chargesheet

उत्तर प्रदेश की रामपुर पुलिस ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर एक महिला से लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने के मामले मे जाँच पूरी कर आरोपी दंपत्ति के खिलाफ न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की  है। पुलिस के मुताबिक मामले में फरहान और उसकी पत्नी रूबीना के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई न्यायालय में होगी।


फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लाखो की रंगदारी वसूलने का उक्त मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मछली बाजार चाह जट्टा की निवासी मुमताज जहां से जुड़ा है। मुमताज ने गत अप्रैल माह मे पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि मायके मे होने के दौरान उसके पति मुन्ना को पुलिस अपने साथ ले गई थी। इस घटना के बाद मोहल्ला केले वाला तालाब कुंडा निवासी फरहान और रूबीना उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला पर दबाव बनाया और उसके पति व भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए 10 लाख रूपये की मांग की। महिला द्वारा इतनी बड़ी रकम देने मे असमर्थता जताये जाने पर ये रकम घटाकर 6 लाख रुपए कर दी गयी थी।


मुमताज जहां ने आरोप लगाया कि पति और भाई को झूठे मामले में फंसाए जाने के डर के चलते उसने किसी तरह  साढ़े 5 लाख रुपये की रकम जुटाई और अपने मायके वालों की मौजूदगी मे आरोपियों को दे दी। महिला का कहना है कि रकम देने के बाद भी आरोपी उसे लगातार धमकाते रहे। इस सबसे परेशान होकर उसने शहर कोतवाली पहुंचकर फरहान और रूबीना के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।


मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की। इस दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों के साथ उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की गई। पुलिस का कहना है कि विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी दंपती के खिलाफ चार्जशीट तैयार कर न्यायालय में दाखिल कर दी गई है। शहर कोतवाल रामपुर प्रदीप कुमार मलिक ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर आरोपी दंपती के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। अब मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय के स्तर से होगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या