बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने वाली महिला तमन्ना मलिक के सोशल मीडिया अकाउंट पर अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करने के मामले में संभल पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुरादाबाद के सोनकपुर थाना क्षेत्र के बेहटा सरथल गांव निवासी फरमान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर जेल भेज दिया है। थाने से बाहर निकलते समय आरोपी लंगड़ा कर चलता, हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दिया। उसने कहा कि उससे गलती हुई है और भविष्य में किसी महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी नहीं करेगा।
पाठको को बताना उचित होगा कि असमोली थाना क्षेत्र के बदनपुर बसई गांव निवासी तमन्ना मलिक ने सावन माह में अपने पति अमन त्यागी के साथ कांवड़ यात्रा की और हरिद्वार से गंगाजल लाकर गत 8 अगस्त को गाजियाबाद स्थित डासना देवी मंदिर में जलाभिषेक किया था। इस दौरान उनके साथ उनकी गाजियाबाद निवासी दोस्त अलीशा बानो भी मौजूद थीं। तमन्ना ने इस कांवड़ यात्रा से जुड़े फोटो और वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किए थे। बताया गया कि तमन्ना के सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 1.44 लाख फॉलोअर्स हैं। पोस्ट सामने आने के बाद कुछ लोगों ने बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा करने पर आपत्ति जताई थी। तमन्ना ने प्रतिक्रिया देते हुए संविधान के तहत नागरिकों को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की स्वतंत्रता का हवाला दिया था। इन प्रतिक्रियाओ के दौरान तमन्ना ने सनातन धर्म में महिलाओं के सम्मान और स्वतंत्रता की बात भी कही थी।
पुलिस के मुताबिक इसी बीच गत 8 अगस्त को फरमान नाम के युवक ने तमन्ना मलिक के इंस्टाग्राम पेज पर कथित तौर पर गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियां की थी। मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों की ओर से इस बारे मे पुलिस से शिकायत की गई थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संभल साइबर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति के खिलाफ अभद्र या आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
गिरफ्तारी के बाद जब थाने से बाहर आया फरमान लंगड़ाकर चल रहा था और हाथ जोड़ कान पकड़कर माफी मांगता नजर आया। आरोपी ने कहा कि उसने तमन्ना मलिक के खिलाफ जो टिप्पणी की, उसके लिए वह माफी मांगता है। उसने भविष्य में किसी महिला के खिलाफ गलत टिप्पणी नहीं करने और महिलाओं का सम्मान करने की बात कही।
पुलिस के अनुसार तनाव की आशंका को देखते हुए बुर्के में कांवड़ यात्रा करने के मामले में तमन्ना मलिक और अलीशा बानो को पहले नोटिस दिया गया था। असमोली पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर दोनों को बीस बीस हजार रुपये के मुचलके से पाबंद किया गया था। इसके बाद 4 अगस्त को दोनों को एसडीएम न्यायालय संभल से जमानत मिल गई थी।
तमन्ना मलिक के अनुसार उन्होंने भगवान भोलेनाथ से अपनी पसंद के व्यक्ति से विवाह होने की मन्नत मांगी थी। तमन्ना ने करीब तीन वर्ष पहले गांव के ही सुरेंद्र त्यागी के बेटे अमन त्यागी से विवाह किया था। मन्नत पूरी होने के बाद तमन्ना ने फरवरी 2026 में महाशिवरात्रि के अवसर पर पहली बार हरिद्वार से कांवड़ लाकर संभल मे जलाभिषेक किया था।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |


