Spreading News to World by Web....
Moradabad/Amroha/Uttar Pradesh- News India 17. -
Moradabad/Amroha/Uttar Pradesh- News India 17. -

हसनपुर में युवक ने बहन के अपमान का बदला लेने के लिए उसकी ननद पर तेजाब डाल दिया। दिनदहाड़े भरे बाजार हुई घटना से अफरातफरी मच गई। झुलसी हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी को ताबड़तोड़ दबिश डाल रही है।
घटना मंगलवार दोपहर नगर के मोहल्ला बजरिया की है। राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त लेखपाल अख्तर हुसैन की बेटी उजमा किसी कार्य से बाजार जा रही थी। अंगूर वाली मस्जिद के निकट नईम पुत्र सलीम ने उस पर एसिड अटैक कर दिया। उजमा का कहना है कि वह उसके चेहरे पर तेजाब डालना चाहता था लेकिन खतरे का आभास होते ही वह अचानक में पलट गई जिसकी वजह से तेजाब उसकी कमर पर गिरा। वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आरोपी भाग निकला। मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। झुलसी हालत में उजमा को हसनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी नईम की बहन शाजिया की शादी कुछ समय पूर्व उजमा के भाई जावेद से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों में अनबन हो गई और शाजिया को घर से निकाल दिया गया। नईम इस बात से क्षुब्ध था। उसने अदालत में भी दहेज एक्ट में केस डाल रखा था। कोतवाल डीके शर्मा ने बताया कि उजमा के पिता अख्तर हुसैन सेवानिवृत्त लेखपाल हैं और फिलहाल वह पाकबड़ा में जाकर बस गए हैं। लेकिन उनका पुश्तैनी मकान नगर के लालबाग ऊंचा में है। परिवार के लोग हफ्ते में मकान पर आते-जाते रहते हैं। मंगलवार को उजमा भाई जावेद के साथ यहां आई हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। फिलहाल वह हत्थे नहीं चढ़ सका है। पखवाड़े के भीतर शहर में एसिड अटैक की दूसरी घटना से दहशत फैली हुई है।