मकान खाली कराने पर भड़का गुस्सा, सिक्योरिटी गार्ड पर किया तेजाब से हमला - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, मार्च 22, 2018

मकान खाली कराने पर भड़का गुस्सा, सिक्योरिटी गार्ड पर किया तेजाब से हमला

रिपोर्ट - मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश (मनोज पाल)


मुरादाबाद के रामगंगा विहार में सिक्योरिटी गार्ड पर तेजाब फेंक जाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिक्योरिटी गार्ड का कसूर इतना था कि उसने किराएदार से मकान खाली कराया था। तेजाब से झुलसे सिक्योरिटी गार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावर किराएदार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और उसे जेल भेज दिया गया।

तेजाब के हमले का शिकार चंद्रहास सिंह आयु 55 वर्ष सिविल लाइन क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास के रहने वाले हैं। वह आरएसडी एकेडमी में सुरक्षा कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। 4 वर्ष पूर्व चंद्रहास सिंह के मकान में हिमगिरी कॉलोनी निवासी रमेश रहता था। वह रिक्शा चालक है ।उन्होंने रमेश कुमार से अपना मकान खाली करा लिया था। रमेश इसी बात से चंद्रहास से नाराज चल रहा था। वह पहले भी चंद्रहास को धमकी दे चुका था। बुधवार सुबह चंद्रहास सिंह अपने कार्य पर आर एस डी एकेडमी जा रहे थे। उनकी स्कूटी जैसे ही एमआईटी हॉस्टल के पास पहुंची तभी ई-रिक्शा चालक रमेश ने उन पर तेजाब फेंक दिया। हमला करने के बाद रमेश मौके से फरार हो गया। जानकारी पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने तेजाब से झुलसे चंद्रहास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चंद्रहास की तहरीर के आधार पर रमेश के खिलाफ नामजद मुकदमा भी दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर सिविल लाइन अजीत कुमार सिंह ने बताया कि हमलावर रमेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।