रिपोर्ट - संभल/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी देवेन्द्र कुमार।
गरीबों के लिए आने वाले राशन की कालाबाजारी के काले कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। भाजपा संगठन के पदाधिकारियों की सूचना पर असमोली क्षेत्र में प्रशासन ने छापेमारी करते हुए सरकारी राशन के साढ़े चार सौ बोरे पकड़े। गोदाम को सील करते हुए मौके पर पकड़ी गई टाटा मैक्स को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मैक्स चालक पुलिस हिरासत में है जबकि गोदाम मालिक फरार हो गया।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी शुरु कर दी गई। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल को सूचना दी गई थी कि असमोली थाना क्षेत्र के गांव भूड़ा बेगमपुर में अवैध गोदाम पर टाटा मैक्स राशन का गेहूं लेकर पहुंच रही है। जिलाध्यक्ष राजेश सिंघल के कहने पर सुनीत टंडन और भाजपा नेता कपिल सिंघल मौके पर पहुंच गए। यहां इलाके के एक नेता ने प्रभारी मंत्री का नाम लेकर भाजपा नेताओं को हड़काने का भी प्रयास किया। भाजपा नेताओं ने सरकारी राशन से लदी टाटा मैक्स को गोदाम पर देख अफसरों को सूचना दी। इसके बाद एसडीएम दीपेंद्र यादव, पूर्ति निरीक्षक सजनलाल गुप्ता और थाना पुलिस भी पहुंच गई। एसडीएम के निर्देश पर टाटा मैक्स को कब्जे में ले लिया गया। इसके चालक को हिरासत में ले लिया। गोदाम पर छापा मारा गया तो वहां करीब चार सौ कटटे खाद्यान्न मिला। खाद्यान्न खाद्य एवं रसद विभाग लिखे बोरों में था। हालांकि मौका पाकर गोदाम मालिक फरार हो गया।
पूर्ति विभाग की टीम ने गोदाम को सील करते हुए कार्रवाई शुरु कर दी। एसडीएम ने बताया कि मैक्स में 50 बोरे मिले हैं। जबकि गोदाम में 128 बोरे धान, 129 बोरे चावल और बिखरा हुआ गेहूं मिला। हिरासत में लिए व्यक्ति ने बताया है कि असमोली के सरकारी गोदाम पर मिले लोगों ने खाद्यान्न गांव के गोदाम पर भेजा था। एसडीएम ने कहा कि राशन की कालाबाजारी बड़ा मामला प्रतीत हो रहा है। गोदाम मालिक इसरत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।