धामपुर - प्रदेश परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने जिलेवासियों को दी एसी बसों की सौगात, किया हेलमेट वितरण
रिपोर्ट - धामपुर/जिला बिजनौर से तहसील प्रभारी विपिन कुमार।
प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अशोक कटारिया ने कहा कि जिलेवासियों को नवरात्र में एसी बसों की सौगात मिलेगी। धामपुर व बिजनौर से एक-एक एसी बस दिल्ली के लिए शुरू की जाएगी।
गुरुवार को धामपुर शुगर मिल में मंत्री अशोक कटारिया और उनके पिता मिल के सेवानिवृत्त कर्मचारी रूमाल सिंह का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। परिवहन मंत्री ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में जिला अब भी पिछड़ा है। यहां के मरीजों को मेरठ या मुरादाबाद जाना पड़ता है, इसलिए क्षेत्र में मेडिकल कालेज बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। केंद्रीय विद्यालय और विश्वविद्यालय स्थापना के भी प्रयास शुरू किए गए हैं। जिले के विकास के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता की है। उन्होंने शुगर मिल से जुड़े संस्मरण भी साझा किए।
मिल के चेयरमैन विजय कुमार गोयल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप शर्मा, कारखाना उपाध्यक्ष एमआर खान आदि ने मंत्री, उनके पिता और पत्नी गायत्री देवी को सम्मानित किया।
चेयरमैन ने कहा कि अशोक कटारिया के परिवार का कोई राजनीतिक आधार नहीं था। फिर भी उन्होंने मेहनत और ईमानदारी के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। कारखाना प्रबंधक विजय गुप्ता ने संचालन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिसोदिया, सुभाष चौहान, प्रमोद राठी, रवि चौधरी, विवेक राज सोनी, सूर्यमणि रघुवंशी, एसके कांबोज, सोमेंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।
इससे पहले कालागढ़ रोड स्थित मंडप में पंडित रुद्रदत्त शर्मा सम्मान समिति की ओर से अशोक कटारिया का अभिनंदन किया गया। मंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में रुद्रदत्त शर्मा के योगदान की सराहना की। कहा कि 20 लाख रुपये की लागत से रुद्रदत्त शर्मा की स्मृति में पुस्तकालय बनवाया जा रहा है। संचालन मनोज कात्यायन ने किया। विधायक अशोक कुमार राणा, पालिका चेयरमैन राजू गुप्ता, राघव शरण गोयल, रवि चौधरी, पंकज भारद्वाज, विवेक अग्रवाल, अनिल शर्मा अनिल, नवचेतन शर्मा, अतुल गुप्ता, सतवंत सलूजा, पूर्व पालिका अध्यक्ष महमूद हसन कस्सार, धर्मवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अशोक कटारिया ने गुरुवार को नगीना चौराहे पर जागरूक नागरिक मंच के शिविर में परिवहन राज्य मंत्री अशोक कटारिया ने बाइक सवारों को हेल्मेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवक तेजी से बाइक दौड़ा रहे हैं, लेकिन तमाम ऐसे युवक हैं जो हेल्मेट का ध्यान नहीं रखते। उन्होंने सभी से दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट लगाने की अपील की। उन्होंने मंच की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर व जागरुकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। इस अवसर पर मंच के संरक्षक प्रमोद मिश्रा, अध्यक्ष डा. शंकर लाल शर्मा, महामंत्री रवि चौधरी, जितेन्द्र शर्मा बबलू, डा. संजय भटनागर, विवेक राज सोनी, डा. पुनीत नंदन, अमिताभ सिंह, उदित जैन, कुलदीप मोंगा, अजय नंदन, सुरेन्द्र सिंह कांबोज, विपिन गुप्ता, धामपुर शुगर मिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप शर्मा और कारखाना प्रबंधक विजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
12:00 Noon, 27/09/2019