Random Posts

test

नहटौर - आत्मरक्षा में चलायी पुलिस की गोली से हुई सुलेमान की मौत - पुलिस अधीक्षक

फाइल फोटो 
hit counter
जिला बिजनौर के नहटौर नगर में बीते शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में हुए उपद्रव और हिंसा के दौरान सुलेमान और अनस की मौत हो गई थी। इनमें से सुलेमान की मौत आत्मरक्षा में चलाई एसओजी के सिपाही मोहित की रिवाल्वर की गोली से हुई थी। यह कहना है मंगलवार की शाम एडीजी जोन के साथ थाने पहुंचे पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी का। उनके मुताबिक सुलेमान ने मोहित के पेट में देशी तमंचे से गोली मारी थी।
आत्मरक्षा में मोहित ने भी गोली चलाई जो सुलेमान के पेट में लगी थी। बैलेस्टिक रिपोर्ट में उक्त गोली मोहित के रिवाल्वर से चली होने की पुष्टि हुई है। अनस की मौत पुलिस की चली गोली से नहीं हुई थी। पुलिस अधीक्षक की ओर से इस संबंध में रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गयी है।गौरतलब है, कि बीते शुक्रवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर उपद्रव और हिंसा के दौरान सुलेमान और अनस की गोली लगने से मौत हो गयी थी। गोली लगने से तीन अन्य भी घायल हुए थे। इसमें करीब 25 पुलिस वाले भी घायल बताए जाते हैं, जिसमें कई को गोली भी लगी थी। पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी के अनुसार सुलेमान के शरीर से पोस्टमार्टम में जो गोली निकली थी, बैलेस्टिक रिपोर्ट के मुताबिक वह एसओजी से सम्बद्ध चल रहे कांस्टेबिल मोहित के सर्विस रिवाल्वर से चली थी। कांस्टेबिल मोहित शुक्रवार को नहटौर थाना क्षेत्र में तैनात किया गया था। पुलिस की ओर से भेजी गयी प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार भीड़ ने दरोगा आशीष तोमर की सर्विस रिवाल्वर छीन ली थी। यह देख जब कुछ अन्य पुलिसकर्मी व कांस्टेबिल मोहित भीड़ की ओर बढ़े। नजदीक जाने पर सुलेमान ने देशी तमंचे से मोहित के पेट में गोली मार दी। आत्मरक्षा में मोहित की ओर से चलायी गोली सुलेमान के पेट में लगी थी। 
उधर मृतक सुलेमान की मां अकबरी व परिजनों का कहना है, कि उनका बेटा तो मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहा था। पुलिस ने मदरसे के पास एक गली से उठाकर उसे गोली मारी थी। सुलेमान ग्रेजुएशन अंतिम वर्ष का छात्र था और नोएडा में रहकर यूपीएसई की तैयारी कर रहा था। वह हाल ही में नहटौर आया था। गौरतलब है, कि अभी तक पुलिस न तो क़स्बा प्रभारी आशीष तोमर की रिवाल्वर खोज पाई है और न ही सुलेमान के पास से कोई देशी तमंचा मिला था। पुलिस ने मौके से जरूर कुछ असलहे व तमंचे बरामद किए थे 

मीडिया कर्मियों के सवालो के जबाब देते हुए पुलिस अधीक्षक, बिजनौर संजीव त्यागी ने बताया कि जिस समय एक दरोगा का सर्विस रिवाल्वर छीना गया था। उसे देख पुलिसकर्मी भीड़ की ओर बढ़े थे तो नजदीक पहुंचने पर तमंचे से सुलेमान ने कांस्टेबिल मोहित के पेट में गोली मार दी थी। आत्मरक्षार्थ मोहित की ओर से चलायी गोली सुलेमान के पेट में लगी थी। इसकी पुष्टि हो चुकी है और रिपोर्ट प्रेषित की जा चुकी है। कांस्टेबिल मोहित की हालत अभी भी गंभीर है और निजी अस्पताल में उसका इलाज हो रहा है। 
नहटौर/जिला बिजनौर से संवाददाता परवेज दानिश। 
Blogger द्वारा संचालित.