मुरादाबाद के लाकड़ी फाजलपुर बाइपास स्थित निर्यात फर्म डिजाइनको में बुधवार शाम एक मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की मौत पर गुस्साए लोगों ने फर्म के अंदर जाने से रोकने पर फर्म में तोडफ़ोड़ और पथराव कर दिया। पुलिस ने उन पर लाठियां फटकारी। इससे दो महिलाएं घायल हो गईं। देर रात पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है।
बिलारी के करावर नगर निवासी कृपाल सिंह यादव आयु 35 वर्ष डिजायनको निर्यात फर्म में चार साल से काम करता था। परिवार में पत्नी सुमलेश के अलावा चार बच्चे अतुल, अभय, गुनगुन व मेघना हैं। बुधवार सुबह वह फर्म में काम करने के लिए आया था। शाम करीब साढ़े चार बजे काम करते समय अचानक बेहोश हो गया। हालत बिगडऩे पर उसे तत्काल प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। फर्म का स्टाफ भी अस्पताल पहुंचा। डाक्टरों ने कृपाल को मृत घोषित कर दिया। शव को फर्म लाया गया। जानकारी पाकर परिवार वाले फर्म पहुंचे। फर्म के अधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच कुछ मजदूरों ने फर्म के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसमें कृपाल के कुछ स्वजन भी शामिल थे। उनका कहना था कि एक घंटे बाद भी शव देखने नहीं दिया जा रहा है। बाद में उन्होंने गेट पर पथराव करते हुए तोडफ़ोड़ भी की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों पर लाठियां फटकारीं। इस दौरान कृपाल सिंह की रिश्तेदार अतरकली और पत्नी सुमलेश जख्मी हो गईं। रिश्तेदार अमित यादव ने बताया कि हम शव देखने के लिए फर्म गए थे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। सूचना पाकर एएसपी दीपक भूकर मझोला थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। बल प्रयोग करके आक्रोशित लोगों को शांत किया। मझोला इंस्पेक्टर आरके सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भिजवा दिया गया है। फर्म मालिक विपिन गुप्ता ने कृपाल के परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। तहरीर मिलने पर मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी सत्यवीर यादव।