चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव किरतपुर से एक भतीजे द्वारा जमीनी विवाद के चलते अपने चाचा की हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस संबंध में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के गांव किरतपुर निवासी हरि सिंह की मौत हो चुकी है और उसने मौत से पहले ही अपने तीनों पुत्रों शीशपाल जयपाल व सुरेश कुमार को जमीन का बंटवारा कर दिया था। बंटवारे के अनुसार मिली जमीन पर जयपाल व शीशपाल ने अपने मकान बना लिए थे। गांव के बाहर की कुछ जमीन होरी सिंह ने अपने सबसे छोटे पुत्र सुरेश कुमार को दी थी। गांव के बाहर की जमीन लेने के कारण सुरेश कुमार को गांव का छोटा मकान भी दिया गया था। इसी मकान को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया गया कि सुरेश कुमार उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम में मैकेनिक था और शुक्रवार शाम ड्यूटी कर शाम करीब 7:00 बजे अपने गांव पहुंचा। गांव पहुंच कर उसने देखा कि उसका भतीजा मोहन पाल उर्फ मोनू विवादित मकान की दीवार तोड़ रहा था। सुरेश ने मोनू को ऐसा करने से रोका। इस पर दोनों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते मोहन पाल ने सुरेश पर लात घूंसे वह हाथ में ली बैटरी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में सुरेश कुमार को एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सुरेश कुमार की हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। आरोपी वहां से भाग निकलने में सफल रहा। इस मामले में मृतक के पुत्र हर्षित कुमार ने मोहन पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि मोहन पाल उनके विवादित मकान को तोड़ रहा था और मना किए जाने पर उसने सुरेश कुमार पर बैटरी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुरेश कुमार को लेकर वह एक निजी चिकित्सक के यहां गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।