खादर क्षेत्र में एक बार फिर से तेंदुए का शोर गूंज गया है। ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने पेड़ पर चढ़कर एक बंदर को निवाला बनाया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना पाकर वन विभाग की टीम पहुंच गई। खेतों में तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं।
घटना बुधवार की रात एक बजे की बताई गई है। नौनेर अड्डे के पास एक जामुन के पेड़ पर बंदर बैठा था। वहां पास में रहने वाले शंकर ने बताया कि वह घर की छत पर सोया हुआ था। इस दौरान तेंदुआ पेड़ पर चढ़ा और बंदर पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान अन्य बंदर भी चिल्लाए। गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना पाकर वन विभाग के वन रक्षक शाह आलम टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। आसपास के खेतों में तेंदुए के पंजों के निशान मिले हैं। वन रक्षक शाह आलम ने बताया कि खेतों में मिले पंजों के निशान तेंदुए के हैं। बंदर के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बता दें कि पूर्व में इस क्षेत्र के कई गांवों में तेंदुए दिखाई दिया है। गांव मुरादपुर में स्कूल की दीवार पर चलते हुए तेंदुए की वीडियो भी वायरल हुई थी। कुछ दिनों से उसके दिखाई देने की सूचना नहीं मिल रही थी लेकिन, बुधवार की रात फिर से दस्तक देने पर भय का माहौल बन गया है।