जिला रामपुर के पटवाई थाना क्षेत्र के निसवा गांव में बुधवार की सुबह घर में सो रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
प्राप्त सूचना के अनुसार गांव के रज्जन उर्फ प्रेम सिंह किसान हैं। मंगलवार रात वह खेत में धान झाड़ने गए थे। उनकी पत्नी रम्पा दो बच्चों के साथ घर में सो रही थी। लगभग तीन बजे किसी ने उसकी पत्नी को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। उन्होंने घर जाकर देखा तो उसकी पत्नी चारपाई पर मृत पड़ी थी। दोनों बच्चे भी रो रहे थे। इस पर ग्रामीणों ने खेत में काम कर रहे पति को घटना की जानकारी दी तो उसके होश उड़ गए। वह दौड़कर घर पहुंचा। हत्या की सूचना पर पटवाई थाना प्रभारी अमरीश कुमार भी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। घटनास्थल पर एसपी शगुन गौतम भी आ गए। उन्होंने मृतका के पति व आसपास के लोगों से घटना को लेकर जानकारी ली। एसपी शगुन गौतम ने बताया कि घटना को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है। जांच की जा रही है। थाना प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस की अभी तक की जांच में कुछ भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। हत्या किसने की, किस वजह से वारदात को अंजाम दिया गया, परिवार वालों की किस से रंजिश हो सकती है, पुलिस इन सभी लाइनों पर काम कर रही है।